हिमालय प्रहरी

अपना का साथ छूटा तो शराब के नशे में 30 मीटर ऊंचे आरओबी के गार्डर पर जा चढ़ा युवक, घंटेभर की मशक्कत के बाद पुलिस ने नीचे उतारा

खबर शेयर करें -

 

बाजपुर रोड रेलवे ओवरब्रिज पर मचा हड़कंप, राहगीरों की थम गईं सांसें, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

राजू अनेजा, काशीपुर।बाजपुर रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक करीब 30 मीटर ऊंचे स्टील गर्डर पर जा चढ़ा। युवक को इतनी ऊंचाई पर बैठे देखकर राहगीरों की सांसें थम गईं। कुछ ही मिनटों में पुल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। कई वाहन चालक अपने वाहन रोककर तमाशा देखने लगे, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की हर हरकत पर पुलिस और नीचे खड़े लोगों की नजरें टिकी रहीं। करीब एक घंटे तक पुलिसकर्मी लगातार उससे बातचीत कर उसे समझाते रहे। आखिरकार पुलिस की सूझबूझ और धैर्य रंग लाया और युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम जगमोहन निवासी मनौना, थाना आंवला, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई है। परिवार के अन्य लोगों ने भी उससे दूरी बना ली है। रिश्तों में आई दरार और अकेलेपन से वह बेहद परेशान था। वह ट्रेन से काशीपुर पहुंचा और मानसिक तनाव के बीच आरओबी के ऊंचे गर्डर पर चढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि युवक शराब के नशे में भी दिखाई दे रहा था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना के दौरान पुल के नीचे सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा रही और हर किसी की नजर युवक पर टिकी रही।

कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है तथा उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

एक घंटे तक थमी रहीं शहर की सांसें

30 मीटर ऊंचे गर्डर पर बैठे युवक को देखकर लोगों के दिल दहल गए। कोई उसे नीचे उतरने की गुहार लगा रहा था तो कोई घटना का वीडियो बना रहा था। पुलिस के धैर्य और समझदारी से आखिरकार युवक सुरक्षित नीचे उतर आया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।

Exit mobile version