
विकास और स्वच्छता के संकल्प के साथ काशीपुर को नई पहचान दिलाने में जुटे महापौर दीपक बाली, एक ओर शहर को देश के स्वच्छता मानचित्र पर चमकाने की तैयारी तो दूसरी ओर कुछ लोगों की लापरवाही अभियान के सामने खड़ी कर रही चुनौती
राजू अनेजा, काशीपुर।
जब इरादे मजबूत हों और लक्ष्य शहर की तस्वीर बदलने का हो तो रास्ते की चुनौतियां भी हौसले नहीं तोड़ सकतीं। काशीपुर में महापौर दीपक बाली ने विकास और स्वच्छता को लेकर जिस अंदाज में मोर्चा संभाला है, उससे शहर को नई पहचान मिलने की उम्मीद जगी है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर कौन लोग हैं जो बाली की मेहनत और उनकी साख पर बट्टा लगाने का काम कर रहे हैं?
एक तरफ स्वच्छता का संकल्प, दूसरी तरफ गंदगी की चुनौती!
काशीपुर को स्वच्छता के मामले में देश के मानचित्र पर चमकाने का सपना तभी साकार हो सकता है, जब नगर निगम की कोशिशों को शहरवासियों का भी साथ मिले। महापौर दीपक बाली लगातार स्वच्छता और विकास को प्राथमिकता देने की बात कर रहे हैं। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने से लेकर कूड़ा निस्तारण तक कई स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। मगर शहर के कुछ इलाकों में नजर आने वाली गंदगी इन प्रयासों के सामने सवाल खड़े कर रही है।
महापौर की मेहनत पर आखिर कौन फेर रहा पानी?
शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी नगर निगम की जरूर है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने वालों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। आखिर कब तक सफाई कर्मचारी कूड़ा उठाते रहेंगे और कुछ लोग दोबारा उसी स्थान को कूड़े के ढेर में तब्दील करते रहेंगे? क्या ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें जागरूक करने और नियमों के तहत कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है?
सिर्फ महापौर के भरोसे कैसे बदलेगी शहर की तस्वीर?
शहर को स्वच्छ बनाने का जिम्मा अकेले महापौर का नहीं हो सकता। इसमें नगर निगम के अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों, पार्षदों और आम नागरिकों की समान भागीदारी जरूरी है। वार्डों में सफाई व्यवस्था की निगरानी करना, कूड़ा पॉइंट की समस्या का समाधान करना और लोगों को निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा डालने के लिए प्रेरित करना जनप्रतिनिधियों की भी अहम जिम्मेदारी है।
कूड़ा पॉइंट बन रहे स्वच्छता अभियान की असली परीक्षा!
शहर के जिन स्थानों पर बार-बार कूड़ा जमा होने की शिकायतें सामने आती हैं, वहां स्थायी समाधान की जरूरत है। केवल सफाई करवा देना समस्या का अंत नहीं है। जब तक कूड़ा डालने की आदत पर रोक नहीं लगेगी और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक ऐसे स्थान दोबारा गंदगी का केंद्र बनते रहेंगे। नगर निगम को ऐसे संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की व्यवस्था करनी होगी।
पार्षदों की जवाबदेही भी हो तय, आखिर वार्ड की जिम्मेदारी किसकी?
हर वार्ड की अपनी समस्याएं हैं और उनका समाधान कराने में संबंधित पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण है। यदि किसी वार्ड के मुख्य मार्ग, सार्वजनिक स्थल या प्रवेश द्वार पर लगातार कूड़ा जमा हो रहा है तो इसकी जानकारी निगम प्रशासन तक पहुंचाने और समाधान के लिए पहल करने की जरूरत है। सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर स्थानीय स्तर पर इन समस्याओं के समाधान के लिए कितनी गंभीरता दिखाई जा रही है?
स्वच्छता की दौड़ में आगे निकलना है तो लापरवाही पर लगानी होगी लगाम!
काशीपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का लक्ष्य केवल नारों और अभियानों से पूरा नहीं होगा। इसके लिए जमीनी स्तर पर बदलाव लाना होगा। जिन स्थानों पर बार-बार गंदगी फैल रही है, वहां जिम्मेदारी तय करनी होगी। सफाई व्यवस्था की नियमित समीक्षा के साथ नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित करनी होगी।
आखिर में सवाल वही है कि जब महापौर शहर को स्वच्छता की नई पहचान दिलाने का संकल्प लेकर मैदान में हैं, तो क्या शहर के जिम्मेदार लोग भी इस मुहिम में अपना योगदान देंगे? या फिर कुछ लोगों की लापरवाही काशीपुर की स्वच्छता की तस्वीर पर दाग लगाती रहेगी?
जब नाम ही दीपक है, तो अंधियारे से मुकाबला भी होगा और शहर को रोशन करने की कोशिश भी जारी रहेगी। लेकिन इस मुहिम को सफल बनाने के लिए हर जिम्मेदार को अपनी भूमिका निभानी ही होगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें