हल्द्वानी: गौला पुल की बदहाली और तीन साल से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों पर फूटा उक्रांंद का गुस्सा; जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दी चेतावनी, सात दिन में स्थायी कार्य शुरू न होने पर करेंगे अनिश्चितकालीन धरना

खबर शेयर करें -
हल्द्वानी (नैनीताल)। हल्द्वानी स्थित गौला पुल के समीप पिछले तीन वर्षों से अधूरे पड़े सड़क और भू-कटाव निरोधक कार्यों को तत्काल प्रभाव से पूरा कराने की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को दल के केंद्रीय संगठन मंत्री भुवन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी नैनीताल को एक ज्ञापन सौंपा और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त किया। उक्रांंद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर मौके पर ठोस और स्थायी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

अस्थायी मरम्मत से बढ़ा संकट, मुख्य पुल के अस्तित्व पर भी मंडरा रहा खतरा

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया गया कि हल्द्वानी शहर को गौलापार, चोरगलिया, सितारगंज और टनकपुर सहित अनेक ग्रामीण व पर्वतीय क्षेत्रों से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण गौला पुल की एप्रोच रोड (पहुंच मार्ग) और तटीय हिस्सा लंबे समय से अत्यंत जर्जर एवं बदहाल स्थिति में है। पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले तीन सालों से मरम्मत के नाम पर केवल टुकड़ों में अस्थायी कार्य किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक मानसून और नदी के तेज बहाव में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। स्थायी सुरक्षा दीवार (पुश्ता) और तटबंध का निर्माण पूरा न होने के कारण नदी के कटाव से सड़क लगातार धंस रही है, जिससे अब मुख्य पुल के अस्तित्व पर भी गंभीर संकट मंडराने लगा है।

करोड़ों के बजट के बावजूद काम सुस्त, जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हजारों लोग

उक्रांंद नेताओं ने आरोप लगाया कि आपदा मद से करोड़ों रुपये का बजट आवंटित होने के बावजूद धरातल पर निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद सुस्त है। इस संकरी और क्षतिग्रस्त सड़क के कारण प्रतिदिन आवागमन करने वाले हजारों वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और मरीजों को अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। विशेष रूप से रात और घने कोहरे के समय यहां बड़ी दुर्घटना की आशंका हर पल बनी रहती है। दल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद प्रशासन ने इस गंभीर जनसमस्या की ओर से आंखें मूंद रखी हैं।

सात दिन का दिया अल्टीमेटम, लेटलतीफी की जांच कर युद्धस्तर पर काम शुरू करने की मांग

उत्तराखंड क्रांति दल ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पिछले तीन वर्षों से जारी इस प्रशासनिक लेटलतीफी की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और संबंधित कार्यदायी विभागों को युद्धस्तर पर एकमुश्त व स्थायी निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए जाएं।
दल ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन सौंपने के एक सप्ताह (सात दिनों) के भीतर धरातल पर स्थायी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो यूकेडी और समस्त क्षेत्रवासी बाध्य होकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन प्रारंभ करेंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान दल के अनेक स्थानीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर की मंडी में आखिर कब तक बिकता रहेगा पनीर के नाम पर सफेद जहर? मिलावट खोरो ने बदला सप्लाई का तरीका, अब गाड़ियों की अदला-बदली से पहुंच रहा संदिग्ध माल!
Ad
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर:अस्पताल की व्यवस्था को हुआ मोतियाबिंद ! मोबाइल की टॉर्च से करना पड़ रहा हे मरीजों का इलाज