हिमालय प्रहरी

रुद्रपुर: थार की छत पर चढ़कर युवकों ने पी बीयर, किया हुड़दंग; वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर। शहर के रोडवेज बस अड्डे के समीप दिल्ली-नैनीताल हाईवे पर बीती शाम सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग करने का मामला सामने आया है। अंग्रेजी शराब की दुकान के बाहर पहुंचे कुछ युवकों ने एक थार वाहन की छत पर चढ़कर खुलेआम बीयर पी, जोर-जोर से चिल्लाते हुए काफी देर तक उत्पात मचाया। स्थानीय लोगों और राहगीरों द्वारा विरोध करने पर युवकों से बहस भी हुई। इस दौरान लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुए हुड़दंगी, चलाया गया चेकिंग अभियान

स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर जब तक बाजार चौकी पुलिस मौके पर पहुंचती, तब तक थार सवार युवक वाहन लेकर मौके से फरार हो चुके थे। हालांकि, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रोडवेज परिसर और हाईवे किनारे सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे अन्य लोगों के खिलाफ सघन अभियान चलाया और उन्हें सख्त चेतावनी देकर खदेड़ा। स्थानीय नागरिकों ने महिलाओं व यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर शराब की दुकानों के आसपास नियमित पुलिस गश्त की मांग की है।

वायरल वीडियो से पहचान कर होगी कानूनी कार्रवाई: एसपी सिटी

मामले पर एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वायरल वीडियो का संज्ञान ले लिया गया है और थार सवार युवकों की पहचान की जा रही है। पहचान होते ही उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version