
नगर निगम के पीछे टीचर कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर गंदगी का अंबार, जहां लगना चाहिए स्वच्छता का संदेश वहां लगा है नेताजी के निवास स्थान का बोर्ड; आखिर कब जागरूक होंगे मोहल्लेवासी और कब बदलेगी तस्वीर?
राजू अनेजा, काशीपुर।शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए महापौर दीपक बाली की ओर से लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। शहर को स्वच्छता की दौड़ में आगे ले जाने के लिए नगर निगम स्तर पर प्रयास भी किए जा रहे हैं, लेकिन इन प्रयासों के बीच कुछ इलाकों की तस्वीर अभियान की सफलता पर सवाल खड़े कर रही है। इसकी बानगी नगर निगम कार्यालय के ठीक पीछे नई सब्जी मंडी रोड स्थित टीचर कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर देखने को मिल रही है। यहां वार्ड नंबर 18 और 19 को जोड़ने वाले मुख्य द्वार पर रोजाना कूड़े का दरबार सज रहा है। मुख्य मार्ग के मुहाने पर जमा गंदगी ने न केवल कॉलोनी की सुंदरता को बदरंग कर दिया है, बल्कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
नेताजी का बोर्ड लगा, लेकिन सामने से नहीं हटा कूड़े का ढेर!
इस स्थान की सबसे दिलचस्प तस्वीर यह है कि जहां लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने वाला संदेश या कूड़ा न डालने की अपील का बोर्ड नजर आना चाहिए, वहां जनप्रतिनिधि के निवास स्थान का बोर्ड लगा हुआ है। विडंबना यह है कि इसी बोर्ड के आगे रोजाना कूड़े का ढेर दिखाई देता है। एक तरफ जनप्रतिनिधि की पहचान बताने वाला बोर्ड लगा है तो दूसरी तरफ गंदगी का अंबार मोहल्ले की पहचान पर बदनुमा दाग लगा रहा है। सवाल यह है कि क्या इस स्थान पर स्वच्छता का संदेश देने की पहल नहीं होनी चाहिए?
बार-बार मना करने पर भी नहीं बदल रही लोगों की आदत
स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां कूड़ा डालने से कई बार मना किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग अपनी आदत बदलने को तैयार नहीं हैं। सुबह होते ही यहां कूड़े का ढेर लगना शुरू हो जाता है। कूड़े के आसपास आवारा पशुओं का जमावड़ा लग जाता है और उनके द्वारा कचरा इधर-उधर फैलाने से स्थिति और बदतर हो जाती है। दुर्गंध और गंदगी के कारण इस रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों तथा कॉलोनी के निवासियों को परेशानी उठानी पड़ती है।
दो वार्डों का मुख्य द्वार, फिर भी स्थायी समाधान का इंतजार!
वार्ड नंबर 18 और 19 को जोड़ने वाला यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में इस प्रवेश द्वार पर कूड़े का ढेर जमा होना पूरे इलाके की छवि को प्रभावित कर रहा है। दो वार्डों से जुड़ी इस समस्या पर संबंधित जनप्रतिनिधियों और नगर निगम अधिकारियों को मिलकर समाधान निकालने की जरूरत है। केवल सफाई कराकर कूड़ा उठवा देना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना होगा कि दोबारा उसी स्थान पर कूड़ा न डाला जाए।
अकेले महापौर कैसे चमकाएंगे पूरा शहर?
एक तरफ महापौर दीपक बाली शहर को स्वच्छ बनाने की मुहिम में जुटे हैं, वहीं दूसरी तरफ सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने की आदत इस अभियान के सामने चुनौती बन रही है। आखिर अकेले नगर निगम या महापौर के प्रयासों से पूरा शहर कैसे स्वच्छ बन सकता है, जब नागरिक ही सार्वजनिक स्थानों को कूड़ाघर बनाने से बाज नहीं आ रहे? स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल सफाई कर्मचारियों की नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों और प्रत्येक नागरिक की भी है।
अब जरूरत इस बात की है कि संबंधित पार्षद इस समस्या को प्राथमिकता से उठाएं और नगर निगम यहां से कूड़ा पॉइंट हटाने अथवा वैकल्पिक व्यवस्था करने के साथ नियमित निगरानी सुनिश्चित करे। साथ ही सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा डालने वालों को जागरूक करने और जरूरत पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की व्यवस्था भी हो।
आखिर कब हटेगा मुख्य द्वार से कूड़े का दरबार?
मोहल्लेवासियों की मांग है कि वार्ड 18 और 19 के इस मुख्य प्रवेश द्वार को गंदगी से मुक्ति दिलाई जाए। सवाल बड़ा है—क्या टीचर कॉलोनी का मुख्य द्वार इसी तरह कूड़े के ढेर से पहचाना जाता रहेगा या जिम्मेदार मिलकर इसकी तस्वीर बदलेंगे? काशीपुर को स्वच्छता की दौड़ में आगे ले जाना है तो शुरुआत ऐसे ही बदहाल स्थानों से करनी होगी। वरना एक तरफ स्वच्छता के बड़े-बड़े अभियान चलते रहेंगे और दूसरी तरफ शहर के मुख्य रास्तों पर कूड़े का दरबार सजता रहेगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें