
शहर को इंदौर की तर्ज पर स्वच्छ बनाने में जुटे दीपक बाली, इधर कुछ लोगों की लापरवाही से रोज लग रहा गंदगी का अंबार; वार्ड 18 और 19 के पार्षदों को भी आगे आकर निकालना होगा स्थायी समाधान
राजू अनेजा, काशीपुर।एक तरफ महापौर दीपक बाली शहर को स्वच्छता के मामले में नई पहचान दिलाने और काशीपुर को इंदौर की तर्ज पर साफ-सुथरा बनाने के लिए स्वच्छता का महाअभियान चला रहे हैं। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने से लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तक लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मगर दूसरी तरफ कुछ लोगों की आदत और लापरवाही इस महाअभियान के सामने चुनौती बनती दिखाई दे रही है। हैरानी देखिए कि जिस नगर निगम पर पूरे शहर को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी है, उसी नगर निगम के गेट के ठीक पीछे गंदगी का ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है, जो स्वच्छता की मुहिम को आईना दिखा रहा है।
मामला नई सब्जी मंडी रोड पर पानी की टंकी के पास स्थित उस मार्ग का है, जो वार्ड संख्या 18 और 19 का मुख्य द्वार होने के साथ ही टीचर कॉलोनी को जोड़ता है। यहां रोजाना कूड़े का अंबार लग रहा है। सुबह होते ही कुछ लोग घरों का कचरा उठाकर इस स्थान पर डाल जाते हैं। देखते ही देखते सड़क किनारे कूड़े का ढेर जमा हो जाता है। हालात ऐसे हो जाते हैं कि इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को बदबू के चलते नाक-मुंह ढककर निकलना पड़ता है।
सफाई होती है, कूड़ा उठता है, फिर भी नहीं बदलती कुछ लोगों की आदत!
इस कूड़ा पॉइंट की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि यहां सफाई नहीं होती, ऐसा भी नहीं है। नगर निगम की कूड़ा गाड़ी आती है और सफाई कर्मचारी कचरा उठाकर ले जाते हैं। स्थान साफ भी हो जाता है, लेकिन कुछ लोगों की आदत में सुधार नहीं आ रहा। सफाई के कुछ ही समय बाद फिर उसी जगह कूड़ा डाल दिया जाता है। नतीजा यह कि कुछ घंटों में ही साफ हुआ स्थान दोबारा कूड़े के ढेर में तब्दील हो जाता है।
सवाल यह है कि आखिर सफाई कर्मचारी एक ही स्थान पर कितनी बार कूड़ा उठाने आएंगे? जब नगर निगम की ओर से कचरा उठाने की व्यवस्था की जा रही है तो लोग उसका इस्तेमाल करने के बजाय सार्वजनिक मार्ग को कूड़ा डालने का ठिकाना क्यों बना रहे हैं? क्या शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी सिर्फ नगर निगम और सफाई कर्मचारियों की है?
दो वार्डों का मुख्य द्वार, दोनों पार्षदों की भूमिका भी अहम
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह किसी सुनसान स्थान पर बना कूड़ा पॉइंट नहीं, बल्कि वार्ड 18 और 19 का प्रमुख प्रवेश मार्ग है। इसी रास्ते से टीचर कॉलोनी की ओर लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए दोनों वार्डों के पार्षदों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाती है। स्थानीय लोगों को जागरूक करने, बार-बार कूड़ा डालने वालों को रोकने और नगर निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर इस स्थान की नियमित निगरानी कराने की जरूरत है।
आखिर दो-दो वार्डों के जनप्रतिनिधियों के क्षेत्र में आने वाले इस प्रमुख मार्ग पर बार-बार कूड़ा जमा होने की समस्या का समाधान कब होगा? क्या दोनों पार्षद आपसी समन्वय से इस कूड़ा पॉइंट को खत्म कराने की पहल नहीं कर सकते? यह किसी पर आरोप लगाने का नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों से उनकी भूमिका निभाने की अपेक्षा का सवाल है।
बाली की मुहिम को सफल बनाने में शहरवासियों को भी निभानी होगी जिम्मेदारी
महापौर दीपक बाली शहर को स्वच्छता के मामले में इंदौर जैसी पहचान दिलाने की मुहिम में जुटे हैं। लेकिन स्वच्छता का लक्ष्य केवल सफाई कर्मचारियों की मेहनत या कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों से हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए शहर के हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। जब सफाई के बाद भी लोग उसी स्थान पर कूड़ा डालेंगे तो स्वच्छता अभियान का असर आखिर कितने समय तक दिखाई देगा?
नगर निगम को भी इस स्थान पर नियमित निगरानी बढ़ाने, जागरूकता संबंधी बोर्ड लगाने और सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा डालने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की जरूरत है। साथ ही वार्ड 18 और 19 के पार्षदों को स्थानीय लोगों के बीच पहुंचकर इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए पहल करनी चाहिए।
आखिर कब जागरूक होंगे शहरवासी?
काशीपुर को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी केवल महापौर या नगर निगम की नहीं, बल्कि पूरे शहर की है। दीपक बाली स्वच्छता की अलख जगा रहे हैं, नगर निगम के सफाई कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, अब बारी शहरवासियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की है। नगर निगम के गेट के ठीक पीछे दो वार्डों के मुख्य द्वार पर रोजाना लगने वाला कूड़े का अंबार एक बड़ा सवाल छोड़ रहा है। जब अपने मोहल्ले के प्रवेश द्वार को ही साफ नहीं रख पाएंगे तो स्वच्छ काशीपुर का सपना कैसे पूरा होगा?
इंदौर जैसी स्वच्छता चाहिए तो केवल सफाई अभियान नहीं, अपनी आदतों में भी बदलाव लाना होगा। महापौर की मुहिम को सफल बनाने के लिए शहरवासियों और दोनों वार्डों के पार्षदों को भी आगे आना ही होगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

