बदमाशों की अजीबो गरीब हरकत, पहले नाक पर घूंसा मारा, खून निकला तो पोंछने को रुमाल..
गाजियाबाद शहर की पॉश कॉलोनी नेहरु नगर थर्ड के ई-ब्लॉक में शुक्रवार को पांच बदमाशों ने उद्यमी रमन सरीन के घर में दिनदहाड़े 24 लाख का डाका डाला। पिस्टल से लैस बदमाश चेक देने के बहाने से गेट खुलवाने के बाद उद्यमी की पत्नी गीता को धक्का देकर अंदर घुसे। उसके बाद गीता और उनकी बेटी विधि के हाथ-पांव रस्सी से बांध और मुंह पर टेप लगाकर 2:10 से 2:50 बजे तक लूटपाट की। मां-बेटी को थप्पड़ मारे और पिस्टल से प्रहार कर घायल कर दिया। 17 लाख के गहने और सात लाख की नकदी लूटने के बाद बदमाश बाइकों से फरार हो गए। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो बाइकों पर दो-दो और एक पैदल जाता बदमाश कैद हुआ है।

गीता ने बताया कि बदमाशों की हरकतें बहुत अजीबो गरीब थीं। पहले उनकी नाक में घूंसा मारा। खून निकलने लगा तो रुमाल दिया। बेटी को पीटा। उसे उल्टी आने लगी तो फ्रिज से लाकर पानी दिया।
गीता सरीन ने बताया कि बदमाशों ने घर में घुसते ही कहा कि हमारे पास पक्की खबर है, घर में एक करोड़ रुपये रखे हैं, पूरा कैश चुपचाप हमारे हवाले कर दो। वह चुप रहीं तो एक बदमाश बोला, हमें ये भी पता है कि पूरा कैश दो-दो हजार के नोटों में है। अगर जान प्यारी है तो देरी मत करो। गीता ने कहा कि घर में पैसा नहीं है।
इस पर एक बदमाश ने उन पर पिस्टल तानकर कहा कि तुरंत अलमारी की चाबी दो वरना गोली मार देंगे। बदमाश ने उनकी नाक पर घूंसा मारा, जिससे खून निकलने लगा। खून निकलता देख बदमाश बोला, अरे… अरे… अरे और उसने अपनी जेब से निकालकर रुमाल दिया।
और कहा कि लो इससे खून पोंछ लो। इसके बाद जब उन्हें और उनकी बेटी विधि को बंधक बना दिया तो एक बदमाश पिस्टल ताने खड़ा रहा। विधि को उल्टी आ गई। यह देख बदमाश भागकर गया और फ्रिज से पानी की बोतल लेकर आया। उसने विधि की मुंह से टेप हटाया और कहा कि पानी पी लो।
एसएसपी ने बनाई चार टीम
एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि एसपी सिटी, एसपी क्राइम ने नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और स्वाट सहित चार टीमें गठित की हैं। फुटेज देखे जा रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द वारदात का खुलासा हो जाएगा।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

