मुर्गा व दारू की पार्टी, तभी पहुंची पुलिस, दृश्य देखकर सभी चौंक गए, सात लोग कर रहे थे यह कांड
भागलपुर जिले के सन्हौला थाना में पदस्थापित एएलटीएफ पदाधिकारी पंकज कुमार ने पुलिस बल के साथ सात लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी लोग करहरिया जख बाबा स्थान के निकट स्वास्थ्य केंद्र के पीछे मुर्गा और दारू (देशी शराब) के साथ पार्टी मना रहे थे। पुलिस पदाधिकारी ने सूचना मिलते ही सशस्त्र बल के साथ घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। हालांकि बचाव के लिए सबों ने भागने का प्रयास भी किया।

पुलिस की घेराबंदी में सभी लोग पकड़े गए। पकड़ाए लोगों में सन्हौला थाना क्षेत्र स्थित भगवानपुर गांव के घोलटन कुमार (18 वर्ष), सत्यनारायण दास (50 वर्ष), कुंदन दास (31 वर्ष), प्रदीप कुमार दास (17 वर्ष) व निरंजन यादव (31 वर्ष) तथा भुड़िया गांव के पंकज कुमार (25 वर्ष) व सुमन कुमार (24 वर्ष) शामिल हैं। पार्टी मना रहे सातों लोगों को पकड़कर पहले सन्हौला थाना लाया गया उसके बाद सभी की जांच की गई तो शराब पीने की पुष्टि हुई। उसके बाद सभी लोगों को गिरफ्तार किया गया। बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यहां बता दें कि पुलिस जैसे ही वहां पहुंची सातों लोग चौंक गए। उस समय वहां खूब जश्न चल रहा था। मुर्गा के साथ दारू की पार्टी हो रही है। मोबाइल में अश्लील गाने बज रहे थे। साथ ही कुछ आपत्तिजनक सामान भी वहां बरामद किया गया। पुलिस को देखते ही सभी भागने की फिराक में आ गए। लेकिन पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। पूछताछ में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी है।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

