सनसनीखेज खुलासा : रोडवेज के ड्राइवर की हत्या का आरोपी निकला थार चालक

खबर शेयर करें -

6 सितंबर को अलसुबह कुंडली थाने के सामने थार चालक ने हरियाणा रोडवेज के कर्मचारी को कुचल कर मौत के घाट उतार दिया था. जिसके बाद इस पूरे मामले ने तूल पकड़ा और सोनीपत पुलिस ने इस पूरे मामले में थार चालक व उसके अन्य तीन साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी.

पुलिस ने इस पूरे मामले में पहले दो महिलाओं को गिरफ्तार किया और आज क्राइम ब्रांच की टीमों ने थार चालक प्रांजल उसके दो अन्य साथी विकास और कुणाल को भी दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया. कल इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा.

बता दें कि 6 सितंबर को सोनीपत बस डिपो की एक बस दिल्ली के लिए रवाना हुई थी, जब बहालगढ़ पहुंची तो हाईवे पर थार चालक के साथ हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों की कहासुनी हो गई. जिसके बाद हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों ने उन्हें कुंडली थाने के सामने रुकवाने का प्रयास किया. थार चालक ने हरियाणा रोडवेज के चालक जगबीर को कुचल दिया जिसमें जगबीर की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उसके 2 साथी गंभीर रूप से घायल हो गए.

इस पूरे मामले ने तूल पकड़ा और हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों ने 1 दिन चक्का जाम भी रखा. करीब 7 दिन की कड़ी मेहनत के बाद सोनीपत क्राइम ब्रांच की टीमों में कार चालक प्रांजल उसके दो साथियों विकास और कुणाल को भी आज दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया. बता दें इससे पहले सोनीपत पुलिस ने थार में सवार मोनिका ग्रोवर व प्रांजल की मां रितु खुराना को गिरफ्तार कर लिया है.

सोनीपत एसपी हिमांशु गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि हरियाणा रोडवेज के कर्मचारी जगबीर हत्याकांड में हमने पहले थार में सवार महिला मोनिका को हमने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था और इन आरोपियों को शरण देने के आरोप में हमने प्रांजल की ऋतु खुराना को गिरफ्तार कर जेल भेज चुके हैं. वहीं आज हमारी क्राइम ब्रांच की टीमों ने दिल्ली से प्रांजल जोकि थार चालक था, यह दिल्ली में फाइनेंस का काम करता है और इस पर पहले भी हिट एंड रन का मुकदमा दर्ज है, जबकि इसका एक साथी कुणाल एक मोबाइल की दुकान में काम करता है और इनका एक तीसरा साथी विकास दिल्ली में लॉन टेनिस का कोच है, आज तीनों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है. तीनों को कल कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा.

एसपी हिमांशु गर्ग ने बताया कि हमारी क्राइम ब्रांच की टीमों ने तीनों की गिरफ्तारी के लिए काफी मेहनत की है. फरारी के दौरान यह तीनों गढ़मुक्तेश्वर और नैनीताल गए थे. हमने नैनीताल क्राइम ब्रांच की टीमों से भी संपर्क किया था. जिसके बाद वहां पर उन्होंने छापेमारी की तो यह तीनों दिल्ली भाग आए.

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad