उधम सिंह नगर में गैस कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, गदरपुर में अवैध रिफिलिंग करते युवक 12 सिलेंडरों समेत दबोचा

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,गदरपुर। अंतरराष्ट्रीय हालात के चलते गैस की संभावित किल्लत को देखते हुए उधम सिंह नगर जिले में प्रशासन ने कालाबाजारी के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। इसी क्रम में गुरुवार को गदरपुर में प्रशासनिक टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को 12 घरेलू गैस सिलेंडरों और रिफिलिंग उपकरणों के साथ पकड़ लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपजिलाधिकारी गदरपुर ऋचा सिंह के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट के साथ क्षेत्र में गैस एजेंसियों, होटल-ढाबों और गैस स्टोव की दुकानों का औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इसी दौरान प्रशासन को गोपनीय सूचना मिली कि वार्ड नंबर-04, गदरपुर स्थित मैसर्स पारस गैस सर्विस में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  बारात में 'मौत का स्टंट'; कार ने 10 वर्षीय मासूम को रौंदा, आक्रोशित ग्रामीणों ने बारातियों को बनाया बंधक

सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम ने मौके पर छापा मारकर दुकान की तलाशी ली। निरीक्षण के दौरान दुकान पर बालक राम (45 वर्ष), पुत्र राम किशन, निवासी ग्राम रामजीवनपुर, तहसील गदरपुर मौजूद मिला। तलाशी में दुकान से 12 घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम), दो रिफिलिंग किट, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और गैस भरने में इस्तेमाल होने वाले नट-बोल्ट बरामद किए गए।
मौके की स्थिति से स्पष्ट हुआ कि घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर अन्य सिलेंडरों में अवैध रूप से भरकर उसकी कालाबाजारी की जा रही थी। पूछताछ में आरोपी बालक राम ने लिखित बयान में स्वीकार किया कि वह यहां गैस रिफिलिंग का कार्य करता है।
प्रशासन ने मौके पर ही रिफिलिंग में प्रयुक्त सभी उपकरण और सिलेंडर जब्त कर लिए। जब्त सामग्री को अग्रिम आदेश तक गदरपुर गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखवाया गया है।
प्रशासन के अनुसार घरेलू गैस की अवैध रिफिलिंग, व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 तथा द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण) आदेश 2000 का स्पष्ट उल्लंघन है। इस मामले में आरोपी बालक राम के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: ऊंचापुल पर चला प्रशासन का बुलडोजर; हाई कोर्ट से राहत न मिलने पर बहुमंजिला भवन ध्वस्त, शहर के अन्य हिस्सों में भी होगी कार्रवाई

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें