आख़िर हम जाएँ तो जाएँ कहाँ साहब? — फड़ व्यापारियों ने मेयर के आगे लगाई मार्मिक गुहार

खबर शेयर करें -

“50 साल से रोज़ी यहीं, अब हमें उजाड़ा जा रहा” — फड़ व्यापारियों की मेयर के आगे फरियाद

राजू अनेजा,काशीपुर।कोतवाली के सामने वर्षों से फड़ लगाकर परिवार पाल रहे छोटे व्यापारियों का सब्र जवाब दे गया। बहुमंजिला पार्किंग निर्माण की आड़ में हटाने की कार्रवाई से आक्रोशित फड़ व्यवसायियों ने प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ नगर निगम सभागार पहुंचकर मेयर दीपक बाली और विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के समक्ष अपनी पीड़ा रखी और उसी स्थान पर कारोबार जारी रखने की मांग की।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष प्रभात साहनी व पूर्व अध्यक्ष राजीव सेतिया के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने मेयर को सौंपे मांग पत्र में कहा कि वे बीते 50 वर्षों से कोतवाली के सामने फड़ लगाकर ईमानदारी से रोज़ी-रोटी कमा रहे हैं। अचानक एसडीएम द्वारा अतिक्रमण हटाने के नोटिस ने उनके सामने भुखमरी का संकट खड़ा कर दिया है।
व्यापारियों का कहना है कि पूर्व में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निरीक्षण और जांच की जा चुकी है, जिसमें उन्हें अतिक्रमण मुक्त पाया गया था। इसी आधार पर नगर निगम बोर्ड द्वारा 1040 रुपये प्रतिमाह शुल्क जमा कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया था। इसके बावजूद अब बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाने की कार्रवाई अन्यायपूर्ण है।
मेयर दीपक बाली ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि इस मुद्दे पर एसडीएम से वार्ता कर पहले उनके लिए उचित वैकल्पिक स्थान चिन्हित किया जाएगा, उसके बाद ही किसी प्रकार की कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी गरीब व्यापारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
इस दौरान व्यापार मंडल के अमन बाली, मुकेश पाहवा, मुकेश चावला, रजत सहित फड़ व्यापारी शैलेंद्र कुमार, रामपाल सिंह, अख्तर अली, सचिन, बॉबी गुप्ता, राजकुमार, योगेश कुमार, मोहम्मद गुफरान समेत कई लोग मौजूद रहे।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर में वनाग्नि का तांडव: कलेक्ट्रेट के सामने धू-धूकर जले जंगल; वन्यजीवों ने गाँवों की ओर किया रुख, ग्रामीणों में दहशत

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें