
राजू अनेजा,दिनेशपुर।शादी की शहनाइयों के बीच सोमवार को उस वक्त कोहराम मच गया, जब विदाई की तैयारियों के दौरान युवक की पहली पत्नी पुलिस को साथ लेकर सीधे मंडप में जा धमकी। महिला ने खुद को युवक की वैध पत्नी बताते हुए बिना तलाक दूसरी शादी रचाने का सनसनीखेज आरोप लगाया, जिससे विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
पीड़िता गदरपुर माजरा हसन की निवासी है। उसने थाने पहुंचकर पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए शादी रुकवाने की गुहार लगाई। सूचना पर महिला एसआई सोनिका जोशी तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक फेरों से लेकर सारी रस्में पूरी हो चुकी थीं।
पुलिस के पहुंचते ही दोनों पक्षों में जमकर तू-तू, मैं-मैं हुई। पुलिस ने दो टूक कहा कि बिना तलाक दूसरी शादी करना सीधा-सीधा कानून का उल्लंघन है। वहीं आरोपित पक्ष ने खुद को बचाते हुए दावा किया कि दंपती छह साल से अलग रह रहे हैं और पंचायत के स्तर पर समझौता हो चुका है।
हालांकि पंचायत के दावों के सामने कानून की किताब भारी पड़ी। पुलिस ने पीड़िता को आरोपित पति के खिलाफ न्यायालय की शरण लेने की सलाह दी। शादी की खुशियां देखते-देखते कानूनी पचड़े में तब्दील हो गईं, और पूरा मामला कस्बे में दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


