हिमालय प्रहरी

रुद्रपुर में युवतियों के विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग: दहशत फैलाकर गाड़ी छोड़ भागे आरोपी, फॉरेंसिक टीम को मिली बुलेट

खबर शेयर करें -
रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। जिला मुख्यालय रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र अंतर्गत देव कॉलोनी (गंगापुर दक्ष चौक) में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब युवतियों से जुड़े विवाद के बाद पहुंचे दर्जनों युवकों ने खुलेआम ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया। देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई, जिसके बाद खुद को घिरता देख आरोपी अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और एक खोखा (बुलेट) बरामद किया।
किराएदार युवतियों से मिलने पहुंचे युवक का स्थानीय लोगों ने किया था विरोध
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देव कॉलोनी स्थित एक मकान में कुछ युवतियां किराए पर रहती हैं। देर रात एक युवक उनसे मिलने पहुंचा था, जिसकी मौजूदगी का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद युवक ने फोन करके अपने अन्य साथियों को बुला लिया और कहासुनी के बाद आरोपियों ने दहशत फैलाने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। ट्रांजिट कैंप थाने के एसआई मुकेश मिश्रा ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित कर लिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं; पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Exit mobile version