
राजू अनेजा,काशीपुर। शहर में बढ़ती मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर कोतवाली पुलिस ने करारा प्रहार करते हुए ऑटो लिफ्टर गैंग का पर्दाफाश कर दिया। कोतवाल हरेंद्र चौधरी की सख्त रणनीति और पैनी निगरानी के चलते पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने विशेष टीम गठित कर चोरों की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया। लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने गुरुद्वारे के पीछे ईदगाह के सामने आम के बाग की ओर जाने वाले रास्ते पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को रंगेहाथ धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों में रितेश कुमार उर्फ निक्का (निवासी जसपुर) और विशाल दिवाकर उर्फ कालू (निवासी आईटीआई, काशीपुर) शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने कई वारदातों को अंजाम देना कबूला है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कोतवाली काशीपुर में दर्ज दो मामलों से संबंधित मोटरसाइकिलों के अलावा चार अन्य चोरी की बाइक भी बरामद हुई हैं। बरामद वाहनों में स्प्लेंडर, सुपर स्प्लेंडर और पल्सर जैसी बाइक शामिल हैं, जिनकी कुल संख्या 6 है।
कोतवाल की रणनीति बनी ‘गेम चेंजर’
इस पूरे ऑपरेशन में कोतवाल हरेंद्र चौधरी की रणनीति और टीम मैनेजमेंट अहम साबित हुआ। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेहद सुनियोजित तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया, जिससे लंबे समय से सक्रिय गैंग का अंत हो गया।
इस कार्रवाई में एसआई कौशल भाकुनी, एसआई सौरभ भारती, एसआई गिरीश चंद्र समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपराधियों में मचा हड़कंप
लगातार सख्ती के चलते शहर में वाहन चोरों के हौसले पस्त हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने साफ संकेत दिए हैं कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह तेज़ी से जारी रहेगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


