राजू अनेजा,काशीपुर। नगर निगम प्रांगण में रविवार, 1 मार्च को आयोजित होने जा रहे रंगोत्सव (होली मिलन समारोह) को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे। चुनावी साल में मुख्यमंत्री का यह दौरा सियासी मायनों में भी खास माना जा रहा है।
युद्ध स्तर पर तैयारी, महापौर ने लिया जायजा
नगर निगम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। महापौर दीपक बाली ने शनिवार दोपहर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से शुरू होगा और यह काशीपुर के इतिहास में पहला अवसर होगा जब कोई मुख्यमंत्री आम जनता के बीच रहकर लंबे समय तक होली मिलन समारोह में प्रतिभाग करेंगे।
महापौर बाली द्वारा निजी स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां कई दिनों से चल रही हैं। उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
लोक-संस्कृति की छटा, मंच पर नामी कलाकार
रंगोत्सव में उत्तराखंड की लोक-संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। मंच पर लोकगायक इंद्र आर्या, गोविंद दिगारी, खुशी जोशी और पूर्वांचल के गायक आलोक कुमार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा ब्रज के प्रसिद्ध रास कलाकार फूलों की होली की मनोहारी प्रस्तुति देंगे।
चप्पे चप्पे पर खाकी का पहरा
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंच से लेकर सभा स्थल तक का मुआयना किया। कार्यक्रम स्थल के चप्पा-चप्पा पर खाकी की निगरानी रहेगी।
सौगात की उम्मीद, चर्चाओं का बाजार गर्म
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है—क्या होली के इस मंच से काशीपुर को कोई बड़ी सौगात मिलेगी? चुनावी वर्ष में जनता की नजरें घोषणाओं पर टिकी हैं।
अब देखना यह है कि रंगोत्सव सिर्फ रंगों तक सिमटेगा या विकास की कोई नई इबारत भी लिखी जाएगी। काशीपुर की जनता बेसब्री से कल के दिन का इंतजार कर रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
