
देहरादून। उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, खनिज भवन (देहरादून) में निदेशक राजपाल लेघा के नेतृत्व में एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और ‘हरित उत्तराखण्ड’ के निर्माण में जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर निदेशक राजपाल लेघा ने विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री के “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत बढ़-चढ़कर पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम ही नहीं है, बल्कि यह हमारी भावी पीढ़ियों के प्रति नैतिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। इसके साथ ही, निदेशक ने प्रदेश के सभी जिला खान अधिकारियों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने जनपदों में व्यापक स्तर पर इस अभियान को संचालित करें। विभाग ने इस वर्ष पूरे राज्य में लगभग 51,000 पौधों के रोपण का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है, जिससे राज्य के हरित आवरण (ग्रीन कवर) में वृद्धि होगी।
खनिज भवन में आयोजित इस निदेशालय स्तरीय कार्यक्रम में विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। पौधारोपण करने वालों में संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार, रसायनज्ञ हेतराम, सहायक रसायनज्ञ शीशपाल, भू-रसायनज्ञ मदन किशोर बहुगुणा, जिला खान अधिकारी (देहरादून) ऐश्वर्य शाह, खान निरीक्षक काज़िम रज़ा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एच.डी. चमोली, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गुणानन्द खण्डूड़ी व रविन्द्र बिष्ट, वैयक्तिक सहायक श्रीमती बरखा पुनेठा व राजेन्द्र सिंह सहित अनेक कार्मिक शामिल रहे। सभी ने इस दौरान प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि वह प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के सतत विकास तथा जन-जागरूकता के लिए भविष्य में भी निरंतर कार्य करता रहेगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें