हिमालय प्रहरी

सावधान! ‘हैप्पी दिवाली’ के गिफ्ट में छिपा है ठगी का पटाखा, एक क्लिक और मिनटों में बैंक खाता साफ!

खबर शेयर करें -

अनजान लिंक पर क्लिक करना पड़ सकता है भारी, त्योहार की खुशियों के बीच साइबर ठगों ने बिछाया जाल

राजू अनेजा,काशीपुर। दिवाली पर मुफ्त गिफ्ट, आकर्षक कैशबैक और हजारों रुपये जीतने का लालच कहीं आपकी जेब खाली न कर दे। त्योहारों के सीजन में साइबर ठगों ने लोगों को निशाना बनाने के लिए ठगी का नया जाल बिछाना शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर आने वाले आकर्षक ऑफर वाले लिंक लोगों के बैंक खातों पर सीधा हमला कर सकते हैं।

साइबर ठग लोगों को दिवाली गिफ्ट के नाम पर मैसेज भेज रहे हैं। मैसेज में 1999 रुपये का गिफ्ट जीतने, विशेष दिवाली बोनस मिलने या आकर्षक इनाम पाने का लालच दिया जाता है। इसके साथ एक लिंक भेजा जाता है। जैसे ही कोई व्यक्ति उत्सुकतावश इस लिंक पर क्लिक करता है, उसके मोबाइल में संदिग्ध फाइल डाउनलोड होने या निजी जानकारी चोरी होने का खतरा पैदा हो जाता है।

एक क्लिक और खाते से गायब हो सकती है मेहनत की कमाई

साइबर अपराधी फर्जी वेबसाइट और लिंक के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। कई बार बैंक अधिकारी या किसी प्रतिष्ठित कंपनी के नाम से संदेश भेजकर ओटीपी, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाती है। कुछ मामलों में मोबाइल पर भेजे गए लिंक के जरिए संदिग्ध एप डाउनलोड करवाकर फोन तक पहुंच बनाने का प्रयास किया जाता है।

त्योहार की आड़ में ठगों का डिजिटल खेल

त्योहारों के दौरान ऑनलाइन खरीदारी, गिफ्ट और कैशबैक ऑफर का चलन बढ़ जाता है। साइबर ठग इसी का फायदा उठाते हैं। अनजान नंबरों से आने वाले गिफ्ट मैसेज, फर्जी लॉटरी, कैशबैक और आकर्षक ऑफर लोगों को आसानी से झांसे में ले सकते हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही बैंक खाते में जमा वर्षों की कमाई पर भारी पड़ सकती है।

एसपी की अपील, लालच में आकर न खोलें अनजान लिंक

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। बैंक या सरकारी विभाग कभी भी फोन अथवा लिंक के जरिए ओटीपी और पासवर्ड साझा करने को नहीं कहते। संदिग्ध संदेश मिलने पर उसकी सत्यता संबंधित संस्था से जरूर जांचें।

ऐसे बचाएं अपनी मेहनत की कमाई

ठगी हो जाए तो इंतजार नहीं, तत्काल करें शिकायत

यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।

याद रखें, दिवाली का असली गिफ्ट आपकी मेहनत की कमाई की सुरक्षा है। मुफ्त के लालच में एक गलत क्लिक आपकी पूरी खुशियां छीन सकता है।

Exit mobile version