रामनगर: NH-309 पर अनियंत्रित कार ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर; 50 वर्षीय महिला की मौत, एक का पैर कटा, 12 सवारियां थीं मौजूद

खबर शेयर करें -
रामनगर (नैनीताल)। नैनीताल जिले के रामनगर अंतर्गत नेशनल हाईवे-309 पर चिल्किया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने ओवरलोड ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारियों से भरा ऑटो सड़क पर कई बार पलट गया। हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला का पैर एड़ी के पास से कटकर अलग हो गया। दुर्घटना में ऑटो में सवार कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

शादी समारोह में जाते समय हुआ भयावह हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते देर रात रामनगर के खताड़ी निवासी रुखसाना (50 वर्ष) अपने परिवार के सदस्यों और छोटे बच्चों के साथ ऑटो (नंबर UK18TA-1804) में सवार होकर पीरूमदारा स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। ऑटो में क्षमता से अधिक करीब 12 लोग सवार थे।
जब ऑटो चिल्किया स्थित राइस मिल के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर UK19TA-1298) ने ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलटा, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

महिला का पैर कटा, दो गंभीर घायल हायर सेंटर रेफर

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि हादसे में रुखसाना नाम की महिला को मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं घायल चांदनी नाम की महिला का पैर एड़ी के पास से लगभग पूरी तरह कटकर अलग हो गया है, जिसे नसों को जोड़ने और प्लास्टिक सर्जरी के लिए हायर सेंटर भेजा जा रहा है। एक अन्य व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद न्यूरोसर्जन के पास भेजा गया है, जबकि तीन अन्य घायलों का फ्रैक्चर का इलाज जारी है। कुछ अन्य मामूली घायलों का दूसरे निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

क्षमता से अधिक सवारियों और रफ्तार पर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर सुरक्षात्मक सवाल खड़े कर दिए हैं। 12 सवारियां बैठाकर चल रहे ऑटो की सुरक्षा व्यवस्था और कार चालक की लापरवाही से हंसता-खेलता परिवार मातम में बदल गया है।
मामले की जानकारी देते हुए रामनगर के कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का संज्ञान ले लिया है। फरार कार चालक और वाहन की तलाश की जा रही है तथा मामले में नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें 👉  होटल में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की छापेमारी; देह व्यापार का भंडाफोड़, महिला समेत 3 गिरफ्तार, 2 पीड़िताएं मुक्त
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: टांडा जंगल में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, VDO समेत दो युवकों की दर्दनाक मौत; दो गंभीर