किसान ने एक घंटे की लड़ाई में मार गिराया आदमखोर जानवर

खबर शेयर करें -

यूपी के बांदा जनपद में एक खूंखार जंगली जानवर ने अचानक अपने घर जा रहे किसान पर हमला कर दिया। इस हमले से बचने के लिए किसान चीखने-चिल्लाने लगा। जब उसे कोई बचाने नहीं आया तो, उसने साहस दिखाते हुए उस आदमखोर जानवर का मुकाबला किया। एक घंटे दोनों के बीच लड़ाई चली, तब तक अन्य किसान भी पहुंच गए और हमलावर जानवर को डंडे से मार गिराया। इस जानवर को स्थानीय ग्रामीण करैच बता रहे हैं।

जिले के पैलानी थाना क्षेत्र के खपटिहा कला पुलिस चौकी अंतर्गत छनिहा डेरा निवासी दयाराम (35) पुत्र सजीवन निषाद गांव में कचार बस्ती से तेरहवीं के निमंत्रण में सम्मिलित होने के बाद सोमवार की रात अपने घर वापस जा रहा था। जैसे ही वह केन नदी के किनारे से गुजरा तभी नदी के पास अचानक एक भारी भरकम खतरनाक जानवर ने उस पर पीछे से हमला कर दिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता तब तक जानवर ने उस पर दांत गड़ाने शुरू कर दिए। इस बीच इस 35 वर्षीय युवक ने शोर मचाना शुरू किया, लेकिन आसपास ग्रामीण न होने से उसे कोई बचाने नहीं आया। अंततः उसने साहस करते हुए इस जानवर का मुकाबला करना शुरू किया। दोनों के बीच लगभग एक घंटे तक लड़ाई चलती रही। तब तक वहां अन्य ग्रामीण आ गए और उन्होंने उस जानवर को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला।

इस बारे में साहसी किसान दयाराम ने बताया कि मैं निमंत्रण से वापस लौटते समय केन नदी के किनारे की तरफ से अपने घर की ओर जा रहा था, तभी एक खूंखार जानवर ने मुझे पीछे से पकड़ लिया। मैं समझ नहीं पाया कि आखिर यह कौन सा जानवर है। मेरे चीखने-चिल्लाने पर भी जब कोई नहीं आया तब मैंने इसका मुकाबला करना शुरू किया। दोनों के बीच गुत्थम-गुत्थी हो गई। तब तक मैं इसे एक गड्ढे में गिराने में सफल हो गया और फिर मैंने इसकी गर्दन दबोच ली। तब तक वहां कई ग्रामीण आ गए और आखिर उसे डंडे से पीट-पीटकर मारा गया। इस बीच ग्रामीणों ने डायल 108 एंबुलेंस को बुलवाकर घायल किसान को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार किया गया।

इस सूचना पर मंगलवार को वन विभाग के रेंजर पहुंचे और किसान का हालचाल लेने के साथ ही मारा गया जानवर कौन सा है इसका पता लगाने का प्रयास किया। हालांकि खूंखार जानवर के बारे में सही पहचान नहीं हो सकी है। बांदा रेंजर का कहना है कि जानवर जंगली है और दिखने में काफी खूंखार लग रहा है। इसके बारे में स्थानीय लोग करैच बता रहे हैं, लेकिन वह लकड़बग्गा जैसा भी दिख रहा है। उसकी प्रजाति का पता लगाते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad