हिमालय प्रहरी

रुद्रपुर कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव में हंगामा, नामांकन के दौरान फायरिंग से हड़कंप

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर डिग्री कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए और इस दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने हवाई फायरिंग भी कर दी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।


 

कॉलेज गेट पर हुई फायरिंग, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

 

सरदार भगत सिंह डिग्री कॉलेज रुद्रपुर में छात्र नेताओं के दो गुट नामांकन प्रक्रिया के दौरान कॉलेज के गेट पर आमने-सामने आ गए। दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई और इसी बीच एक युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि पाँच दिन पहले ही बगवाड़ा में छात्रसंघ चुनाव को लेकर हुई फायरिंग की घटना में एक युवक घायल हो गया था। पुलिस ने उस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

उधम सिंह नगर की एसपी क्राइम निहारिका तोमर ने बताया कि पुलिस को मारपीट की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुँचकर स्थिति को काबू में किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस फायरिंग की घटना की जाँच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


 

11 पदों के लिए 28 छात्रों ने किया नामांकन

 

रुद्रपुर डिग्री कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के तहत 11 पदों के लिए कुल 28 छात्रों ने नामांकन किया है। 25 सितंबर को नामांकन पत्रों की जाँच और नाम वापसी की प्रक्रिया होगी, जबकि 27 सितंबर को मतदान और मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा और शपथ ग्रहण होगा।

नामांकित छात्रों की सूची:

  • अध्यक्ष: नागेंद्र गंगवार, रजत बिष्ट
  • उपाध्यक्ष छात्र: मो. नाजिश, चेतन भट्ट
  • उपाध्यक्ष छात्रा: गायत्री टम्टा, सोनिया मंडल, प्रीति कुड़ाई
  • सचिव: जसवंत सिंह, रजनीश गंगवार, नक्श देव सिंह
  • कोषाध्यक्ष: प्रदीप कुमार, अभिषेक राय, आवेश पाल, खुशी
  • संयुक्त सचिव: आदित्य शर्मा, मोहन कोली, कृष्णा मिस्त्री, राघवेंद्र प्रताप सिंह
  • कला संकाय प्रतिनिधि: सुनील, पूजा कुड़ाई, अंशू कुमारी
  • विज्ञान संकाय प्रतिनिधि: कोमल डांगी, धीरज जोशी
  • वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि: वंश सागर, दक्ष कालड़ा
  • विवि प्रतिनिधि: मोहित चंद्र भट्ट, मोहम्मद अरबाब
  • सांस्कृतिक सचिव: आकांक्षा चौधरी, जीवन चंद्र भट्ट
Exit mobile version