हिमालय प्रहरी

लालकुआं: बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम, धामी कैबिनेट ने दी वन भूमि से डिनोटिफाई करने को सैद्धांतिक सहमति; भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

खबर शेयर करें -
लालकुआं (नैनीताल)। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। शुक्रवार को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में बिंदुखत्ता को वन भूमि से डिनोटिफाई (वन भूमि से बाहर करने) की कार्रवाई के लिए सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी गई है। कैबिनेट के इस ऐतिहासिक फैसले पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए इसे बिंदुखत्ता के हजारों परिवारों के लिए बड़ी राहत बताया है।

बापूग्राम, बिंदुखत्ता और बग्गा चौवन के लिए कैबिनेट का बड़ा फैसला, वन विभाग बना प्रस्तावक

भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में संपन्न हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के तीन प्रमुख वन ग्राम क्षेत्रों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत जनपद देहरादून के बापूग्राम, नैनीताल के बिंदुखत्ता और ऊधमसिंह नगर के बग्गा चौवन स्थित वन भूमि के गांवों को वन भूमि से डिनोटिफाई करने की कार्रवाई हेतु मंत्रिमंडल ने अपनी सैद्धांतिक सहमति दे दी है। साथ ही, इस पूरी प्रक्रिया को विधिवत रूप से आगे बढ़ाने के लिए वन विभाग को प्रस्तावक विभाग नामित करने का भी निर्णय लिया गया है।

“मुख्यमंत्री ने अपना वादा निभाकर साबित की प्रतिबद्धता”— दीपेंद्र कोश्यारी

कोश्यारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने बिंदुखत्ता आगमन के दौरान क्षेत्रवासियों से जो वादा किया था, उसे पूरा करने की दिशा में यह ठोस कदम उठाकर अपनी जनहितैषी प्रतिबद्धता को साबित किया है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट का यह निर्णय बिंदुखत्ता के उज्ज्वल भविष्य और विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा तथा इससे क्षेत्र को राजस्व गांव का दर्जा मिलने की उम्मीदें और अधिक मजबूत हो गई हैं।
“बिंदुखत्ता को वन भूमि से डिनोटिफाई करने की सैद्धांतिक सहमति मिलना हजारों परिवारों की वर्षों से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। इस जनकल्याणकारी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हार्दिक आभार। हमें पूर्ण विश्वास है कि राज्य सरकार आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा कर बिंदुखत्ता की जनता को उनका वैधानिक अधिकार दिलाने का कार्य करेगी।”
— दीपेंद्र कोश्यारी, प्रदेश महामंत्री (भारतीय जनता युवा मोर्चा, उत्तराखंड)
(फोटो परिचय: कैबिनेट फैसले के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी।)
Exit mobile version