
महापौर दीपक बाली ने पूजा-अर्चना कर किया 34वीं शोभायात्रा का शुभारंभ, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
राजू अनेजा,काशीपुर। श्री बालाजी महाराज की भक्ति में मंगलवार को पूरा काशीपुर डूबा नजर आया। किला मोहल्ला से श्री बालाजी महाराज की 34वीं विराट शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। महापौर दीपक बाली ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान शहर के विभिन्न मार्गों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। भगवान हनुमान के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
पूजा-अर्चना कर महापौर ने मांगा बालाजी महाराज का आशीर्वाद
शोभायात्रा के शुभारंभ से पहले महापौर दीपक बाली ने श्री बालाजी महाराज की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रार्थना की कि बालाजी महाराज की कृपा सभी पर बनी रहे और काशीपुर सुख, समृद्धि एवं शांति के साथ निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे। पूजा के बाद उन्होंने शोभायात्रा को रवाना किया।
किला मोहल्ला से मंदिर तक उमड़ा आस्था का सैलाब
श्री बालाजी दरबार सेवक समिति की ओर से निकाली गई शोभायात्रा मोहल्ला किला से शुरू होकर पुरानी सब्जी मंडी, मुख्य बाजार, महाराणा प्रताप चौक, रामनगर रोड, चीमा चौराहा और कोर्ट रोड होते हुए जसपुर खुर्द स्थित श्री बालाजी मुक्ति धाम मंदिर पहुंची।
शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत द्वार लगाए और पुष्पवर्षा कर बालाजी महाराज के दर्शन किए। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शोभायात्रा में शामिल हुए।
देवी-देवताओं की झांकियों ने मोहा मन, कलाकारों ने बांधा समां
शोभायात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों के साथ चल रहे कलाकारों के नृत्य और भक्ति संगीत ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भगवान हनुमान और श्री बालाजी महाराज के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा के साथ चलते रहे।
धार्मिक आस्था के साथ दिखी शहर की एकजुटता
34वीं विराट शोभायात्रा में शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बालाजी महाराज की भक्ति के साथ शोभायात्रा ने काशीपुर की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और उत्साह का भी संदेश दिया।
इस अवसर पर मत्स्य अभिकरण विभाग की उपाध्यक्ष सीमा चौहान, पंडित भास्कर जी, मनोज सेठी, हरिमोहन सिंघल, राजकुमार, अनिल चावला, प्रेम कुमार, जतिन अरोरा, अजय अरोरा, अनिल वर्मा, सिकंदर सैनी, दिनेश सैनी, प्रेम चोपड़ा, पुरुषोत्तम वर्मा, हरिओम अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें