
11 हजार से ज्यादा लोगों ने दिया फीडबैक, प्रदेश में दूसरे नंबर पर पहुंचा काशीपुर
राजू अनेजा, काशीपुर।स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 में इस बार काशीपुर नगर निगम ने प्रदेशभर में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। स्वच्छता को लेकर शहरवासियों की बढ़ती जागरूकता के चलते काशीपुर पूरे उत्तराखंड में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। अब तक 11 हजार 250 से अधिक नागरिक स्वच्छता को लेकर अपना फीडबैक दर्ज करा चुके हैं। राजधानी देहरादून करीब 15 हजार फीडबैक के साथ पहले स्थान पर है, लेकिन काशीपुर तेजी से अंतर कम करता दिखाई दे रहा है।
नगर निगम प्रशासन का दावा है कि 24 मई तक चलने वाले फीडबैक अभियान में काशीपुर देहरादून को पीछे छोड़ सकता है। इसके लिए निगम कर्मियों, महिला स्वयं सहायता समूहों और पार्षदों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। शहर के बाजारों, कॉलोनियों, वार्डों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को फीडबैक देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
केंद्र सरकार द्वारा आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण के 10वें संस्करण के तहत अप्रैल माह से सिटीजन फीडबैक प्रक्रिया शुरू की गई थी। इस बार देशभर के 4909 शहरों को सर्वेक्षण में शामिल किया गया है। उत्तराखंड में देहरादून तीन से दस लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में शामिल एकमात्र नगर निगम है, जबकि काशीपुर, रुद्रपुर, हल्द्वानी, हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश तीन लाख तक की आबादी वाले शहरों में शामिल हैं।
काशीपुर ने जिस तेजी से फीडबैक जुटाया है, उसने प्रदेश के अन्य नगर निगमों को पीछे छोड़ दिया है। रुद्रपुर 9,801 फीडबैक के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं कोटद्वार, हल्द्वानी और हरिद्वार छह हजार के आसपास सिमटे हुए हैं। तीर्थनगरी ऋषिकेश और रुड़की जैसे बड़े शहर भी नागरिक भागीदारी के मामले में काफी पीछे दिखाई दे रहे हैं।
लोगों की भागीदारी तय करेगी शहर की रैंकिंग
स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार नागरिकों से 13 सवाल पूछे जा रहे हैं। इनमें शहर की सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, सार्वजनिक शौचालय, कचरा प्रबंधन, स्वच्छ बाजार और जागरूकता जैसे मुद्दे शामिल हैं। शहरों को कुल 10,500 अंकों की कसौटी पर परखा जाएगा, जिसमें केवल सिटीजन फीडबैक के लिए 1000 अंक निर्धारित किए गए हैं।
यही वजह है कि नगर निगम इस अभियान को लेकर पूरी ताकत झोंके हुए है। अधिकारियों का मानना है कि जितनी अधिक नागरिक भागीदारी होगी, शहर की रैंकिंग उतनी मजबूत होगी। जानकारों के अनुसार ज्यादा फीडबैक यह भी दर्शाता है कि शहर के लोग स्वच्छता और अपनी जिम्मेदारी को लेकर गंभीर हैं।
पिछले साल रुद्रपुर रहा था आगे, इस बार काशीपुर ने ठोकी दावेदारी
पिछले वर्ष तीन लाख तक की आबादी वाले 417 शहरों की श्रेणी में रुद्रपुर ने प्रदेश में पहला और देश में 68वां स्थान हासिल किया था। इस बार काशीपुर उस रिकॉर्ड को चुनौती देता दिखाई दे रहा है। नगर निगम की ओर से लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। वार्ड स्तर पर लोगों को मोबाइल के जरिए फीडबैक देने की प्रक्रिया भी समझाई जा रही है।
प्रदेश में फीडबैक की स्थिति
देहरादून — 14,981
काशीपुर — 11,250
रुद्रपुर — 9,801
कोटद्वार — 6,333
हल्द्वानी — 6,238
हरिद्वार — 6,127
रुड़की — 2,848
ऋषिकेश — 1,638
अल्मोड़ा — 1,440
श्रीनगर — 1,121
पिथौरागढ़ — 1,047
पूरे उत्तराखंड में 1.18 लाख लोगों ने दी राय
प्रदेश के 107 नगर निकाय और नौ कैंट क्षेत्र भी स्वच्छता सर्वेक्षण में शामिल हैं। 13 मई तक पूरे उत्तराखंड में करीब 1.18 लाख लोग फीडबैक दे चुके थे। राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश सबसे आगे चल रहा है, जहां 28 लाख से अधिक लोग अपनी राय दर्ज करा चुके हैं। वहीं मध्य प्रदेश में यह आंकड़ा 16 लाख पार कर चुका है।
नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि निगम कर्मियों, महिला समूहों और पार्षदों को विशेष अभियान में लगाया गया है। उन्होंने कहा कि 24 मई तक अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा,
“फीडबैक की संख्या यह दर्शाती है कि नागरिक स्वच्छता और अपने शहर के प्रति कितने जागरूक हैं। काशीपुर को प्रदेश में शीर्ष स्थान दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।”
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें