हिमालय प्रहरी

लालकुआं: राष्ट्रीय स्तर पर बजा लालकुआं नगर पंचायत का डंका; ‘अर्बन लर्नाथन 2.0’ में हासिल किया प्रथम स्थान, 17 नवंबर को देहरादून में मिलेगा सम्मान

खबर शेयर करें -
लालकुआं (नैनीताल)। उत्तराखंड के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि नैनीताल जिले की नगर पंचायत लालकुआं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कार्यशैली और नवाचार का लोहा मनवाते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (NIUA) की ओर से आयोजित प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ‘अर्बन लर्नाथन 2.0’ (Urban Learnathon 2.0) में नगर पंचायत लालकुआं को ‘अन्य शहरी स्थानीय निकाय’ (Other ULBs) उप-श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान यानी राष्ट्रीय विजेता घोषित किया गया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए आगामी 17 नवंबर को देहरादून में आयोजित भव्य समारोह में नगर पंचायत को राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा जाएगा।

गुलमोहर स्वयं सहायता समूह के आत्मनिर्भर वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल ने दिलाई पहचान

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए बताया कि नगर पंचायत लालकुआं को यह सम्मान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) के क्षेत्र में किए गए अभिनव प्रयासों और ‘गुलमोहर स्वयं सहायता समूह’ आधारित आत्मनिर्भर वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल के लिए मिला है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय नगर पंचायत की पूरी टीम, सफाई कर्मचारियों, समूह के सदस्यों और नगरवासियों के सामूहिक प्रयासों को दिया। अध्यक्ष ने कहा कि यह सम्मान पूरे प्रदेश और नगर के लिए गर्व की बात है, और भविष्य में भी स्वच्छता, नवाचार व जनसहभागिता के माध्यम से शहर को आदर्श बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।

कचरे को बनाया रोजगार का माध्यम, नगर पंचायत का वित्तीय भार भी हुआ कम

गौरतलब है कि शहरी निकायों के उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय मंच देने वाली पहल ‘अर्बन लर्नाथन 2.0’ के तहत निकायों का मूल्यांकन नवाचार, जमीनी प्रभाव और अन्य शहरों में लागू किए जाने की संभावनाओं के आधार पर किया जाता है। इसी कड़ी में नगर पंचायत लालकुआं ने जून 2024 में ‘गुलमोहर’ नाम से उत्तराखंड का पहला पुरुष स्वयं सहायता समूह गठित किया था। यह समूह वर्तमान में घर-घर कूड़ा संग्रहण और मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) का सफल संचालन कर रहा है, जहां कचरे के पृथक्करण से लेकर पुनर्चक्रण (रिसाइकिल) योग्य सामग्री के विक्रय और उचित निस्तारण तक की जिम्मेदारी बखूबी निभाई जा रही है।
इस मॉडल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कचरे को महज एक समस्या मानने के बजाय आय और स्थानीय रोजगार के सशक्त माध्यम के रूप में विकसित किया गया है। समूह को यह जिम्मेदारी मिलने से जहां युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिला है, वहीं कचरे से होने वाली आय के कारण नगर पंचायत के संचालन का वित्तीय भार भी काफी कम हुआ है। स्वच्छ भारत मिशन और दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के उद्देश्यों को साकार करता लालकुआं का यह ‘गुलमोहर मॉडल’ अब उत्तराखंड के अन्य नगर निकायों के लिए भी एक अनुकरणीय प्रेरणा बन गया है।
Exit mobile version