लालकुआं: चेयरमैन और कोतवाल विवाद में चरमराई शहर की व्यवस्था; रातभर गुल रहीं स्ट्रीट लाइटें, सुबह से सफाई ठप, कोतवाल के तबादले पर अड़े कर्मचारी

खबर शेयर करें -
लालकुआं (नैनीताल)। ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों की आवाजाही को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा के बीच शुरू हुआ विवाद अब पूरे नगर की बुनियादी व्यवस्थाओं पर भारी पड़ने लगा है। इस तकरार के विरोध में नगर पंचायत प्रशासन की ओर से रातभर शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बंद रखी गई, जिससे पूरा नगर अंधेरे में डूबा रहा। वहीं, गुरुवार सुबह से नगर की सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों के काम पर न पहुंचने के कारण शहर के प्रमुख चौराहों और मोहल्लों में कूड़े के ढेर लग गए हैं और चारों ओर गंदगी फैल गई है।

एसडीएम के निर्देश के बावजूद काम पर लौटने को तैयार नहीं सफाई कर्मी

शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप होने की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी (SDM) रेखा कोहली तत्काल नगर पंचायत कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अधिशासी अधिकारी (EO) ईश्वर सिंह रावत के साथ आपात बैठक कर शहर की सफाई व्यवस्था तुरंत सुचारू करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सफाई कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कर्मचारियों ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया कि जब तक लालकुआं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक वे किसी भी कीमत पर सफाई कार्य शुरू नहीं करेंगे।

नगर पंचायत कार्यालय में जुटी भीड़, प्रशासन के सामने व्यवस्था बहाली की चुनौती

सफाई कर्मचारियों के इस सख्त रुख के बाद मामला और अधिक गरमा गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष के समर्थन में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और पुरुष नगर पंचायत कार्यालय पहुंच गए हैं, जहां सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर नगरवासियों ने अध्यक्ष के समर्थन और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी है।
फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उप जिलाधिकारी रेखा कोहली और नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के बीच बंद कमरे में वार्ता चल रही है। कोतवाल और चेयरमैन के बीच शुरू हुई यह रार अब सीधे तौर पर आम जनता की समस्याओं का सबब बन गई है। ऐसे में प्रशासन के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती गतिरोध को समाप्त कर शहर की प्रकाश और सफाई व्यवस्था को तत्काल बहाल कराने की है।