लालकुआं। बिंदुखत्ता क्षेत्र को राजस्व ग्राम का दर्जा देने और गौला नदी के कटाव से सुरक्षा हेतु स्थायी तटबंध निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों का आंदोलन अब और उग्र रूप लेने जा रहा है। वनाधिकार संगठन बिंदुखत्ता के बैनर तले आगामी 27 सितंबर को लालकुआं में एक विशाल रैली और तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। संगठन के अध्यक्ष उमेश भट्ट ने बताया कि क्षेत्रवासी 15 अगस्त से लगातार पदयात्रा निकालकर जनजागरण कर रहे हैं। इसके बावजूद शासन-प्रशासन द्वारा राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी करने और बंदोबस्ती की प्रक्रिया शुरू करने में टालमटोल की जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
शहीद स्मारक से तहसील तक निकलेगी जनाक्रोश रैली, 10 से 20 हजार लोगों के जुटने का दावा
आयोजकों के अनुसार 27 सितंबर को बिंदुखत्ता के शहीद स्मारक से लालकुआं तहसील तक ऐतिहासिक जनाक्रोश रैली निकाली जाएगी, जिसके बाद तहसील परिसर में विशाल धरना दिया जाएगा। वनाधिकार संगठन ने दावा किया है कि अपनी वाजिब हक-हकूक की मांगों को लेकर आयोजित इस महारैली में क्षेत्र के लगभग 10 से 20 हजार लोग सड़कों पर उतरेंगे। संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक शासन बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने की औपचारिक अधिसूचना जारी नहीं करता और गौला नदी पर तटबंध निर्माण के लिए बजट स्वीकृत नहीं करता, तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें