
हल्द्वानी। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम द्वारा वार्ड संख्या 06 सुभाषनगर में हनुमत सेवा सदन के पास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान महापौर गजराज सिंह बिष्ट खुद झाड़ू थामकर मैदान में उतरे और अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ सफाई में हाथ बटाया। महापौर ने मौके पर पूरी व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को शहर के सभी वार्डों में नियमित एवं सुचारू सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
सड़कों से हटाया गया कूड़ा, सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
अभियान के दौरान क्षेत्र की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों से जमा कूड़ा-कचरा पूरी तरह हटाया गया। महापौर ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और अन्य स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आम जनता की सुविधा के लिए अतिक्रमणकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक, वार्ड पार्षद और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
गंदगी फैलाने और पॉलीथिन के इस्तेमाल पर होगा चालान, महापौर ने जनभागीदारी की अपील की
सफाई के बाद नागरिकों को संबोधित करते हुए महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि हल्द्वानी को देवभूमि का आदर्श शहर बनाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन यह लक्ष्य बिना जनभागीदारी के संभव नहीं है। उन्होंने लापरवाही बरतने वालों और खुले में कचरा फेंकने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि शहर में पर्याप्त डस्टबिन लगाए जा रहे हैं, इसके बावजूद यदि कोई सड़कों या नालियों में कचरा फैलाता मिला तो उस पर भारी जुर्माना और चालान किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से कूड़ा केवल निगम की गाड़ियों में ही डालने की अपील की।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें