लालकुआँ: नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के कड़े निर्देश पर लालकुआँ पुलिस ने 2 अलग-अलग चोरी के मामलों का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को लाखों के सोने के जेवरात सहित गिरफ्तार कर लिया है। यह अभियुक्त पहले भी जेल जा चुका है।
क्या थे मामले?
दिनांक 24/02/2025 को श्रीमती बसन्ती देवी निवासी तिवारी नगर, बिन्दुखत्ता और 29/04/2025 को श्री हीरा सिंह शाही निवासी तिवारी नगर, बिन्दुखत्ता, लालकुआँ क्षेत्र से 2 अलग-अलग चोरी की घटनाएँ सामने आई थीं। इन घटनाओं में अज्ञात चोर द्वारा घरों से सोने के आभूषण जैसे मंगलसूत्र, झुमके, नथ और मांगटीका आदि चोरी कर लिए गए थे। दोनों घटनाओं के संबंध में कोतवाली लालकुआँ में क्रमशः FIR No. 47/25 और FIR No. 94/25 के तहत अभियोग दर्ज कर विवेचना चौकी बिन्दुखत्ता प्रभारी उ0नि0 सोमेन्द्र सिंह को सौंपी गई थी।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
एसएसपी नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा ने इन मामलों के शीघ्र अनावरण के कड़े निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में एसपी सिटी हल्द्वानी श्री प्रकाश चन्द्र के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी लालकुआँ श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल के नेतृत्व में, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लालकुआँ श्री दिनेश फर्त्याल ने एक पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम ने 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया और 50 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर गहन सुरागरसी-पतारसी की। अथक प्रयासों के बाद, दिनांक 23/06/2025 को अभियुक्त बादल गौसाई (उम्र- 20 वर्ष) पुत्र स्व0 पप्पू गौसाई निवासी तिवारी कालोनी, लालकुआँ को शमशान घाट के पास मैन हाईवे से गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद माल और आपराधिक इतिहास
अभियुक्त की निशानदेही पर दोनों मुकदमों से संबंधित चोरी का माल बरामद किया गया, जिसका विवरण इस प्रकार है:
- FIR No- 94/25:
- 2 अदद पीली धातु के मंगलसूत्र
- 1 अदद पीली धातु का मांगटीका
- FIR No- 47/25:
- 1 अदद पीली धातु की नथ
- 1 जोड़ी पीली धातु के झुमके
पूछताछ में अभियुक्त बादल गौसाई ने स्वीकार किया कि वह इंजेक्शन के नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए ही चोरी करता था। अभियुक्त का पूर्व आपराधिक इतिहास भी है, वह पहले भी चोरी और शस्त्र अधिनियम जैसे मामलों में जेल जा चुका है:
- FIR No- 321/19, धारा 4/25 शस्त्र अधिनियम – थाना हल्द्वानी
- FIR No- 231/20, धारा 457/380/411 IPC – थाना लालकुआँ
पुलिस टीम में उ0नि0 सोमेन्द्र सिंह, कानि0 विरेंद्र रौतेला, कानि0 दयालनाथ, कांस्टेबल दिलीप कुमार, कांस्टेबल आनंदपुरी और कांस्टेबल तरुण मेहता शामिल थे।
यह सफलता लालकुआँ क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें