हिमालय प्रहरी

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सीएम धामी के 6 बड़े ऐलान, पुलिस और खेल सितारों को सम्मान

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देहरादून के परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण किया। इस समारोह में उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित करने के साथ ही राज्य के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी कीं।


 

उत्कृष्ट सेवाओं और खेलों के लिए सम्मान

 

मुख्यमंत्री ने विशिष्ट सेवाओं के लिए अपर पुलिस महानिदेशक अजय प्रकाश अंशुमान को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया। इसके अलावा, कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से नवाजा गया। खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रिया राणा और मनीषा चौहान सहित कई खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।


 

सीएम के छह बड़े ऐलान

 

मुख्यमंत्री धामी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:

  • मिड-डे मील योजना के तहत स्कूलों में गैस सिलेंडर और चूल्हा उपलब्ध कराया जाएगा।
  • पेयजल की समस्या वाले क्षेत्रों में 10-10 हैंडपंप लगाए जाएंगे।
  • ग्राम चौकीदारों और ग्राम प्रहरियों का मानदेय 1000 रुपये बढ़ाया जाएगा।
  • सैनिक कल्याण विभाग के ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय में 2000 रुपये की वृद्धि होगी।
  • जनपद स्तर पर विशेष शैक्षणिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
  • गंगोत्री ग्लेशियर सहित अन्य हिमालयी ग्लेशियरों के अध्ययन और आपदा प्रबंधन को मजबूत किया जाएगा।

 

विकास और सामाजिक सुधार की दिशा में कदम

 

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पर्यटन जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि सरकार की नीतियों के कारण राज्य की बेरोजगारी दर में 4.4% की कमी आई है। राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (UCC) और धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किए गए हैं, जिनसे सुशासन और सामाजिक सुधार को बढ़ावा मिला है। इसके अलावा, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिए 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं, जिनमें से 1 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।

Exit mobile version