हिमालय प्रहरी

यमराज को खुला न्योता ! 30 स्लीपर बस में 168 सवारियां ठूंसकर कराया जा रहा था मौत का सफर

खबर शेयर करें -

लालपुर में परिवहन विभाग की कार्रवाई, बस में 138 बड़े और 30 बच्चे मिले; बिना टैक्स-परमिट भी दौड़ रही थी बस

राजू अनेजा,रुद्रपुर। सड़कों पर दौड़ते डग्गामार वाहनों की मनमानी यात्रियों की जिंदगी पर किस कदर भारी पड़ सकती है, इसका अंदाजा लालपुर में पकड़ी गई एक बस को देखकर लगाया जा सकता है। 30 स्लीपर और एक सीट के लिए पास बस में 168 यात्रियों को ठूंसकर लंबी दूरी का सफर कराया जा रहा था। मंगलवार देर रात परिवहन विभाग की टीम ने बस को रोककर जांच की तो ओवरलोडिंग के साथ ही बिना टैक्स और परमिट संचालन का मामला भी सामने आया। विभाग ने बस का चालान कर उसे रोडवेज स्टेशन रुद्रपुर में सीज कर दिया।

 

30 की क्षमता, 168 यात्री

संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडेय के निर्देश और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने रात करीब एक बजे लालपुर में बस संख्या NL 02B3020 को रोका। परिवहन कर अधिकारी जितेंद्र सिंगवान और प्रभारी सुतैया सचल दल ने बस की जांच की तो अंदर यात्रियों की संख्या देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।

बस में 138 बड़े और 30 बच्चे, यानी कुल 168 यात्री सवार मिले। जांच में सामने आया कि बस को केवल 30 स्लीपर और एक सीट के लिए पास किया गया था। इसके बावजूद क्षमता से कई गुना अधिक यात्रियों को भरकर बस सड़क पर दौड़ाई जा रही थी।

 

लखीमपुर से पंजाब तक मौत का सफर!

बस लखीमपुर खीरी से अंबाला, लुधियाना, खन्ना और जालंधर की ओर जा रही थी। लंबी दूरी के इस सफर में इतनी अधिक सवारियां लेकर बस का चलना यात्रियों की सुरक्षा के साथ बड़ा खिलवाड़ माना जा रहा है। सवाल यह भी है कि यदि रास्ते में कोई हादसा हो जाता तो इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों की जान की जिम्मेदारी आखिर किसकी होती?

 

बिना टैक्स-परमिट भी दौड़ रही थी बस

जांच में ओवरलोडिंग के अलावा बस के बिना टैक्स और बिना परमिट संचालित होने की बात भी सामने आई। परिवहन विभाग ने ओवरलोडिंग, बिना टैक्स, बिना परमिट समेत अन्य अभियोगों में बस का चालान किया। इसके बाद वाहन को रोडवेज स्टेशन रुद्रपुर में सीज कर दिया गया।
यात्रियों को बीच रास्ते में परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक मधुसूदन मिश्रा के सहयोग से वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कराई गई।

 

ओवरलोड वाहनों से दूर रहें यात्री

परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने वाले वाहनों में सफर न करें। विभाग का कहना है कि हादसे की स्थिति में ऐसे वाहन यात्रियों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं।
ओवरलोडिंग और परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई में राजीव तिवारी, परिवहन आरक्षी दिनेश सिंह, परिवहन आरक्षी नंद राम और सचल दल के चालक शामिल रहे।

Exit mobile version