हिमालय प्रहरी

लालकुआं में यूकेडी का संगठनात्मक विस्तार: दीपेन्द्र विधानसभा अध्यक्ष और मनीष बने महामंत्री, 2027 के लिए कसी कमर

खबर शेयर करें -

लालकुआं। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की लालकुआं विधानसभा इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें वर्ष 2027 के आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से नई नियुक्तियां की गईं। बैठक में यूकेडी के जिला अध्यक्ष कुलदीप बोरा, सह-प्रभारी कुमाऊं मंडल राजीव लोचन और नैनीताल जिला अध्यक्ष प्रताप चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक के दौरान दीपेन्द्र सिंह बिष्ट को लालकुआं विधानसभा अध्यक्ष, रक्षित काण्डपाल को संगठन मंत्री, सुरेश सिंह धामी, पीयूष जग्गी व मनोज रावत को उपाध्यक्ष, मनीष कुमार आर्य व दीपक बोरा को महामंत्री, चेतन कबड़वाल को सचिव तथा सुशील कुमार को मीडिया प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
धारा 371, मूल निवास और बेरोजगारी पर गहन मंथन, युवाओं के जुड़ने से बदलेगा समीकरण
बैठक में राज्य के ज्वलंत मुद्दों जैसे धारा 371, मूल निवास, बेरोजगारी और राज्य की अस्मिता पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड का युवा आज व्यवस्था में बदलाव चाहता है और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए यूकेडी के साथ मजबूती से खड़ा हो रहा है। बैठक में नेताओं ने विश्वास जताया कि युवाओं के लगातार बढ़ते जुड़ाव से आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव का राजनीतिक समीकरण निश्चित रूप से यूकेडी के पक्ष में बदलेगा। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने “जय पहाड़, जय पहाड़ी” के उद्घोष के साथ राज्यहित की राजनीति को मजबूत करने और उत्तराखंड के स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प लिया।
Exit mobile version