उत्तराखंड बोर्ड के 1.15 लाख परीक्षार्थियों को जल्द निश्शुल्क मोबाइल टैबलेट देगी धामी सरकार; प्रत्येक टैबलेट के लिए 20 हजार रुपये निर्धारित, एससीईआरटी की ऑनलाइन कोचिंग से जुड़ेंगे छात्र-छात्राएं

देहरादून। उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं से पूर्व ऑनलाइन कोचिंग और वर्चुअल कक्षाओं से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी तैयारी की है। मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में राज्य के राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 10वीं और 12वीं के 1.15 लाख छात्र-छात्राओं को शीघ्र ही निश्शुल्क मोबाइल टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल से विद्यार्थी राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा संचालित ऑनलाइन कक्षाओं से सीधे जुड़कर अपनी बोर्ड परीक्षा की तैयारी को और अधिक सशक्त बना सकेंगे।
गणित, विज्ञान और अंग्रेजी पर रहेगा विशेष फोकस, विशेषज्ञ दूर करेंगे कमजोरियां
शिक्षा विभाग की इस योजना के अंतर्गत ऑनलाइन कोचिंग में मुख्य रूप से गणित, विज्ञान और अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एससीईआरटी के माध्यम से विषय विशेषज्ञ शिक्षक प्रतिदिन एक से दो घंटे की वर्चुअल कक्षाएं लेकर विद्यार्थियों की विषयगत कमजोरियों और शंकाओं का समाधान करेंगे। इससे बोर्ड परीक्षार्थियों को परीक्षा से ठीक पहले पाठ्यक्रम की बेहतर तैयारी और पुनरावृत्ति (रिवीजन) का अतिरिक्त लाभ मिल सकेगा।
230 करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव तैयार, राजकीय विद्यालयों के छात्रों की संख्या सर्वाधिक
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने टैबलेट वितरण के लिए बजट व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार कर लिया है, जिसके तहत प्रत्येक टैबलेट के लिए 20 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। योजना के अंतर्गत कुल 1.15 लाख लाभार्थियों में हाईस्कूल के 58,500 और इंटरमीडिएट के 56,500 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
श्रेणीवार आंकड़ों के अनुसार, राजकीय विद्यालयों के सर्वाधिक 1,03,700 विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलेगा, जिनमें हाईस्कूल के 53,800 और इंटरमीडिएट के 49,900 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। वहीं, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के 11,300 लाभार्थियों में हाईस्कूल के 4,700 तथा इंटरमीडिएट के 6,600 विद्यार्थी सम्मिलित हैं। प्रति टैबलेट 20 हजार रुपये की दर से राजकीय विद्यालयों के लिए 207.40 करोड़ रुपये तथा अशासकीय विद्यालयों के लिए 22.60 करोड़ रुपये की लागत से टैबलेट क्रय किए जा रहे हैं।
“विभागीय अधिकारियों को पात्र छात्र-छात्राओं को शीघ्र निश्शुल्क टैबलेट वितरित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। टैबलेट प्राप्त होने के बाद विद्यार्थियों को ऑनलाइन सिलेबस उपलब्ध होने के साथ ही वर्चुअल माध्यम से भी कक्षाएं पढ़ने में बड़ी सुविधा प्राप्त होगी।”— डॉ. धन सिंह रावत, शिक्षा मंत्री (उत्तराखंड)
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

