
बहादराबाद (हरिद्वार)। कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर गांव में सुहागरात की ही रात पति को नशीला पाउडर देकर बेहोश करने और घर में रखी नकदी व कीमती सामान समेटकर फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हालांकि, परिजनों की मुस्तैदी से वारदात को अंजाम देकर भाग रहे अंतरराज्यीय ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग के पांचों सदस्यों को रंगे हाथ दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए ₹70,000 नकद, चोरी का सामान, 5 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी बरामद कर सीज कर दी है।
मिर्जापुर की दुल्हन और फर्जी रिश्तेदारों ने रची साजिश; पहले भी कई लोगों को बना चुके हैं शिकार
पुलिस के अनुसार, दौलतपुर निवासी योगेश पुरी का विवाह बुधवार को मिर्जापुर (यूपी) निवासी रुकमीना से हुआ था, जिसमें दुल्हन पक्ष की ओर से चार कथित रिश्तेदार भी शामिल हुए थे। रात में दुल्हन ने योगेश को नशीला पदार्थ पिला दिया और रिश्तेदारों संग मिलकर 70 हजार रुपये व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। सुबह योगेश के बेहोश मिलने पर परिजनों को शक हुआ और उन्होंने भाग रही बोलेरो की तलाशी ली, जिसमें चोरी का माल बरामद हुआ। दबोचे गए आरोपियों की पहचान दुल्हन रुकमीना, अब्दुल बारी (मिर्जापुर), रागिनी पाल व पुनीत कुमार (शामली) और फतेह सिंह (भरतपुर, राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने अंतरराज्यीय स्तर पर शादी के नाम पर लूटपाट करने वाले गिरोह का हिस्सा होने की बात कबूल की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।