स्कूल की फीस ले गई मां, पति को फोन कर कहा- बच्चों के लिए नई मम्मी ढूंढ लेना
हिसार के एक निकटवर्ती गांव में रहने वाली 35 साल की महिला अपने दो बच्चों को छोड़कर प्रेमी संग फरार हो गई। महिला अपने साथ घर में रखी हुई 1 लाख की नकदी और साढ़े आठ तोले सोने के जेवरात भी साथ ले गई।

घर से जाने के बाद महिला ने पति के पास फोन कर कहा कि दोनों बच्चों को मैंने 15 साल पाल दिए अब तुम पाल लेना। इस बारे में पति ने सदर थाना पुलिस में शिकायत दी। उन्होंने गांव के एक युवक दीपक पर पत्नी को साथ ले जाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पंचायत में घर आने की बात कहीं थी
शिकायत में महिला के पति ने बताया कि वह एक मील में काम करता है। कुछ समय से मेरी पत्नी का घर के सामने रहने वाले एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पत्नी को कई बार समझाया, लेकिन उसने एक न सुनी। शुक्रवार को भी इस मामले को लेकर थाने में पंचायत हुई थी। पंचायत में उसने कहा था कि वह घर बसाना चाहती है और घर वापस आ गई थी। अगले दिन छोटा बेटा बुआ के पास चला गया और मैं ड्यूटी पर। घर पर बड़ा बेटा था जो बीमार था। दोपहर को दवा लेने के बाद वह सो गया। शाम को जब वापस घर आया तो पत्नी घर पर नहीं थी। आरोप है कि घर के सामने रहने वाला युवक पत्नी को बहला फुसला कर ले गया।
बच्चों की फीस और दाने खरीदने के लिए रखे थे रुपये
उसने बताया कि बड़ा बेटा दसवीं में और छोटा बेटा सातवीं में पढ़ता है। उनकी फीस और खाने के लिए दाने खरीदने के लिए परिचितों से उधार मांग कर एक लाख रुपये लाकर घर पर रखे थे। पत्नी घर के अंदर रखी हुई एक लाख रुपये की नकदी और साढ़े आठ तोले सोने के जेवरात अपने साथ ले गई।
फोन कर कहा बच्चों की नई मम्मी ढूंढ लेना
उसने बताया कि घर से जाने के बाद पत्नी ने फोन कर कहा कि बच्चों के लिए नई मम्मी ढूंढ लेना। मैंने 15 साल पाल दिए अब तुम पाल लेना। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

