हिमालय प्रहरी

बुजुर्ग महिला के कान से सोने के कुंडल झपटने वाला पुलिस के रडार पर, तीन टीमें कर रहीं तलाश, जल्द खुलासे के संकेत

खबर शेयर करें -

सीसीटीवी, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के सहारे जांच तेज • 12 संदिग्धों से पूछताछ, भागने के रास्तों की भी खंगाल रही पुलिस

 

राजू अनेजा,बाजपुर। थाना केलाखेड़ा क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के कान से सोने के कुंडल झपटकर फरार हुए बदमाश की तलाश में पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। शुरुआती जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 12 संदिग्धों से पूछताछ भी की है। अधिकारियों का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

 

डायल-112 की सूचना पर हरकत में आई पुलिस
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि थाना केलाखेड़ा क्षेत्र के मजरा रहमतुल्ला में एक बुजुर्ग महिला के साथ कुंडल लूट की घटना हुई है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य भी जुटाए गए।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना केलाखेड़ा में एफआईआर संख्या 91/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
तीन मोर्चों पर एक साथ चल रही जांच
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए गठित पहली टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। दूसरी टीम तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के माध्यम से संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रख रही है, जबकि तीसरी टीम क्षेत्र के सक्रिय अपराधियों और पूर्व में ऐसी घटनाओं में शामिल रहे व्यक्तियों का सत्यापन कर रही है।
12 संदिग्धों से पूछताछ, जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद
पुलिस अब तक करीब 12 संदिग्धों से पूछताछ कर चुकी है। साथ ही आरोपी के संभावित भागने के रास्तों और आसपास के क्षेत्रों की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Exit mobile version