त्रिवेंद्र ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा

खबर शेयर करें -


देहरादून: आखिरकार राज्य की राजनीति में चार दिन से चल रहे सियासी हलचल का पटाक्षेप हो गया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राजभवन पहुंचकर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।
बता दें कि राज्य की राजनीति में चार दिन से अटकलों का बाजार गर्म था। इसी बीच राष्ट्रीय पर्यवेक्षक रमन सिंह ने देहरादून पहुंचकर कोर कमेटी की बैठक ली। जिसके बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह दिल्ली गए। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने दिल्ली से देहरादून लौटकर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। जिसके बाद आप सुबह के नए मुख्यमंत्री के लिए चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। जिसमें कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, अनिल बलूनी, सतपाल महाराज, अजय भट्ट के नाम सामने आ रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के अनुसार बुधवार को देहरादून में विधानमंडल की बैठक आयोजित की जाएगी। जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक व छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह भी भाग लेंगे। विधानमंडल की बैठक में ही नए मुख्यमंत्री की घोषणा होगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस्तीफा देने के बाद आप सुबह के नए मुख्यमंत्री को लेकर नए-नए कयास लगाए जा रहे हैं।
इधर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का इस्तीफ़ा स्वीकार करते हुए राज्यपाल ने उनसे राज्य में नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति होने एवं पदभार ग्रहण करने की अवधि तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा है। जबकि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस्तीफा सौंपने के बाद कहा की पार्टी ने एक छोटे से गांव व साधारण परिवार के व्यक्ति को मुख्यमंत्री का दायित्व सौंपा। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की संक्षिप्त उपलब्धि गिनाई। कल विधानमंडल दल की बैठक सुबह10 बजे बुलाई गई है, इसमें नए मुख्यमंत्री का चयन किया जायेगा।