अब केदारनाथ यात्रा के लिए बंद होगी हेलीकॉप्टर सेवा, 10 जुलाई के बाद पैदल यात्रा से ही हो पाएंगे दर्शन
केदारनाथ और मंदाकिनी घाटी में पिछले करीब डेढ़ महीने से उड़ान भर रहे हेलीकॉप्टरों के पंख थमने लगे हैं।
जी हां अब उत्तराखंड में मानसून दस्तक देने वाला है ऐसे में 10 जुलाई के बाद हेली सेवा अस्थाई रूप से बंद हो जाने के बाद श्रद्धालुओं के पास बाबा केदार के दर्शन के लिए केवल पैदल ही यात्रा का विकल्प होगा।

छह मई से केदारनाथ के लिए यात्रा खुली थी। तब से 24 जून तक 80 हजार श्रद्धालुओं ने हेलीकॉप्टर से केदारनाथ की यात्रा की। हेली सेवा की सुविधा का ज्यादा लाभ बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को मिला, जिनके लिए 18 से 20 किमी की पैदल यात्रा करने में कठिनाई थी। अनुमान है कि अगस्त माह में मानसून के कमजोर पड़ने और बरसात थमने के बाद हेली कंपनियां अपनी सेवाएं देने के लिए लौट आएंगी। सितंबर महीने में हेली सेवाएं पूरी तरह से शुरू हो जाएंगी।
आपको बता दें कि मौसम विभाग ने प्रदेश में 28 जून तक मानसून आने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए केदार और मंदाकिनी घाटी में केदारनाथ यात्रा के लिए हेली सेवाएं दे रही नौ कंपनियों ने भी अपना बोरिया-बिस्तर समेटना शुरू कर दिया है। 24 जून तक नौ में से छह हेली कंपनियां लौट चुकी थीं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

