उत्तराखंड में यह कैसा विकास : महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को 12 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा करनी पड़ी
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के डिंगाडी गांव की रहने वाली और पिछले एक सप्ताह से बीमार 52 वर्षीया शकुंतला देवी को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को 12 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा करनी पड़ी.
परिजनों ने इसकी जनकारी दी. स्थानीय लोगों ने बताया कि राज्य बनने के 22 वर्ष बाद भी जिले के पुरोला प्रखंड के सुदूरवर्ती बडियार क्षेत्र के डिंगाडी सहित आठ गांवों के लोग अब तक स्वास्थ्य व सड़क जैसी जरूरी सुविधाओं के अभाव का दंश झेल रहे हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बीमार महिला को कंधे पर रखे डंडों पर बिठाकर उसके परिजन डिंगाडी गांव से 12 किलोमीटर पैदल चलकर सरनोल पहुंचे और वहां से सोमवार को सीधे देहरादून रवाना हो गए. देहरादून जाते समय महिला के परिजनों ने बताया कि शकुंतला देवी एक सप्ताह से उल्टी दस्त व बुखार से पीड़ित थीं और कई प्रकार के घरेलू उपचार करने के बाद भी आराम नहीं मिलने पर उन्हें अस्पताल ले जाने का निर्णय किया गया.

सात दशक बाद भी बडियार क्षेत्र शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क सुविधा से वंचित
सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश रावत और शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि आजादी के सात दशक बाद भी बडियार क्षेत्र के सर, डिंगाड़ी, गोठुका, पौंटी, किमडार, लेवटाड़ी सहित आठ गांव शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं. रावत ने कहा कि इससे पूर्व भी कई बार बीमार व्यक्तियों को डंडों पर बिठाकर ले जाया जाता रहा है. उन्होंने कहा कि कई बीमार तो अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ देते है. उन्होंने बताया कि गांव में किसी के बीमार होने पर उनको प्राथमिक उपचार तक नहीं मिल पाता है.
इधर प्रदेश में हो रही बारिश से कई जगह सड़कें टूटी हैं. जिसने लोंगों की परेशानी और बढ़ा दी है. उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम विभाग के बुधवार को बारिश के लिए जारी रेड अलर्ट के मद्देनजर प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है जबकि अत्यधिक बारिश की संभावना वाले इलाकों में बुधवार को एहतियातन छुटटी के आदेश दिए गए हैं. एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी. प्रदेश के कई स्थानों पर मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई और कई जगह राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अनेक मार्ग भूस्खलन का मलबा आने से अवरूद्ध हो गया. मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 में से नौ जिलों के लिए बुधवार को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

