उत्तराखंड : शादी से लौट रही थी बारात और खाई में गिरी गाड़ी, 6 की मौत
पौड़ी गढ़वाल. एक बारात को लेकर जा रहे एक पिकअप वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 5 अन्य घायल हो गए. इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें पौड़ी ज़िले के श्रीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. डीएम विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि जनपद की चाकीसैंण तहसील अंतर्गत स्योली में सोमवार शाम उस समय बड़ी दुखद घटना हुई, जब स्योली से डोबरीगांव की ओर बारात लेकर लौट रहा मैक्स टैक्सी वाहन अचानक खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

इस दर्दनाक हादसे में वाहन में सवार 6 व्यक्तियों की मौत हो गई, जिनमें 5 ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि एक घायल की मौत तब हुई, जब उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था. घटना में घायल अन्य 5 व्यक्तियों को पाबौं अस्पताल से रैफर कर ज़िला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया गया. इनमें से 2 घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर रैफर किया गया.
स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री धनसिंह रावत ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के साथ संवेदना व्यक्त की और ज़िला प्रशासन को घायलों का समुचित इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. एक समाचार एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 6 मृतकों की पहचान अंकित कुमार, हयात सिंह, मेहरबान सिंह, दबड़े अंबिका और कुमारी मोनिका के रूप में की गई है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

