एक वर्ष से घोषित नही हो रहे है बिन्दुखत्ता आईटीआई समेत जनपद के कई आईटीआई कालेजों के छात्रों के रिजल्ट

लालकुआं: जनपद में आईटीआई में 2019 – 20 सत्र के सैकड़ों छात्रों के रिजल्ट अभी तक घोषित नहीं किए गए हैं। जिससे युवाओं को भविष्य को लेकर चिंता सता रही है। रिजल्ट घोषित करने की मांग को लेकर बिंदुखत्ता आईटीआई में अध्ययनरत छात्र छात्राओं ने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है।
नैनीताल जनपद में विभिन्न आईटीआई कॉलेजों में वर्ष 2019 – 20 सत्र में सैकड़ों बच्चों ने प्रवेश लिया था। जिनमें से फीडर ट्रेड पर अध्ययनरत छात्रों ने 26 नवंबर 2020 को ऑनलाइन परीक्षा दी थी। लेकिन कौशल विकास व उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार डीजीटी द्वारा अधिकतर बच्चों का परीक्षा फल आज तक घोषित नहीं किया गया है। अकेले बिंदुखत्ता आईटीआई कालेज से 33 में से 32 छात्रों के रिजल्ट घोषित नही हुए है। पिछले एक वर्ष से बच्चे रिजल्ट के लिए दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। लेकिन कही से भी कार्यवाही नही हो रही है। बिंदुखत्ता आईटीआई में अध्ययनरत छात्र अभिषेक बोरा, नीरज खनवाल, पंकज आर्या, पवन कुमार, राजन आदिन ने बताया कि रिजल्ट घोषित नहीं होने से वह नौकरी के लिए कहीं भी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। जबकि कई बच्चों की नौकरी की उम्र भी चली गई है। इधर बिंदुखत्ता आईटीआई कालेज के कई छात्रों ने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले में कार्यवाही करने की मांग की है। मामले में आईटीआई के अधिकारियों का कहना है कि बिंदुखत्ता ही नही जनपद के कई कालेजों के बच्चों के रिजल्ट आने बांकी है। छात्र छात्राओं का डीजीटी द्वारा बताए गए परीक्षा केंद्रों में भेजकर उनकी ऑनलाइन परीक्षा करवा दी है। जिसके बाद कौशल विकास व उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार डीजीटी द्वारा रिजल्ट घोषित करना है। कालेज स्तर से कई बार लिखित रूप से शिकायत की जा चुकी है लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नही की गई।
कालेज स्तर से बच्चों की परीक्षा कराकर सभी दस्तावेज डीजीटी को भेजे गए है। अब डीजीटी द्वारा ही रिजल्ट घोषित करना है। कई बार कौशल विकास व उद्यमिता मंत्रालय को पत्र लिखकर समस्या के समाधान की मांग की जा चुकी है। उम्मीद है कि जल्द ही छात्रों के रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे।
बिरेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य, आईटीआई कालेज बिंदुखत्ता

