करवा चौथ से पहले काशीपुर में फैशन का जलवा, 47 स्टॉल पर सजे देशभर के डिजाइन; महापौर दीपक बाली ने किया भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ

खबर शेयर करें -

दिल्ली से जयपुर तक के डिजाइनरों ने सजाया ‘वोग वोल्ट’, पहले दिन उमड़ी महिलाओं की भीड़; परिधान, ज्वेलरी और लेटेस्ट फैशन बने आकर्षण का केंद्र

 

राजू अनेजा,काशीपुर। करवा चौथ से पहले काशीपुर में फैशन, सौंदर्य और खरीदारी का रंग जम गया है। रामनगर रोड स्थित होटल अनन्या में मंगलवार को दो दिवसीय भव्य ‘वोग वोल्ट’ प्रदर्शनी का शुभारंभ महापौर दीपक बाली एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती उर्वशी दत्त बाली ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। प्रदर्शनी में पहले दिन उमड़ी महिलाओं की भीड़ और आकर्षक साज-सज्जा ने पूरे आयोजन को उत्सवी रंग में रंग दिया। माहौल ऐसा नजर आया, मानो नवरात्र और करवा चौथ की रौनक एक ही छत के नीचे सिमट आई हो।

 

 

47 स्टॉल पर देशभर के डिजाइन, फैशन के शौकीनों के लिए खास मौका

 

प्रदर्शनी की खास बात यह है कि महिलाओं को नवीनतम फैशन ट्रेंड, आकर्षक परिधान, ज्वेलरी और साज-सज्जा से जुड़े उत्पादों के लिए अलग-अलग शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। दिल्ली, मुंबई, लुधियाना, देहरादून, ऋषिकेश, नोएडा, गाजियाबाद, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अलीगढ़, हल्द्वानी, पीलीभीत, जयपुर, हरिद्वार और काशीपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए डिजाइनरों ने यहां अपने 47 स्टॉल सजाए हैं।

 

इन स्टॉलों पर महिलाओं के लिए नए डिजाइन के परिधान, आकर्षक ज्वेलरी, जूते और साज-सज्जा से संबंधित विभिन्न उत्पाद उपलब्ध हैं। बदलते फैशन के अनुरूप तैयार किए गए डिजाइनों और उत्पादों की विविधता महिलाओं को अपनी पसंद के अनुसार विकल्प चुनने का अवसर दे रही है।

यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता: भाजपा बूथ अध्यक्ष गोकुलानन्द जोशी ने निजी कारणों से दिया पद से इस्तीफा; पार्टी और जनसेवा से जुड़े रहने की कही बात

 

 

करवा चौथ की खरीदारी के लिए एक ही छत के नीचे ढेरों विकल्प

 

करवा चौथ के नजदीक होने के कारण प्रदर्शनी महिलाओं के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। पर्व पर सजने-संवरने और अपनी पसंद के परिधान व आभूषण खरीदने की तैयारी कर रही महिलाओं को यहां पारंपरिक और आधुनिक डिजाइन देखने का अवसर मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार, उत्पादों की कीमतें भी आम लोगों के बजट को ध्यान में रखकर निर्धारित की गई हैं, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं अपनी पसंद की खरीदारी कर सकें।

 

प्रदर्शनी में जयपुर के हैंडलूम उत्पादों के साथ काशीपुर की सोनल गोयल द्वारा लगाए गए चांदी के आभूषणों का स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अलग-अलग शहरों की कला, डिजाइन और उत्पादों को एक मंच पर देखने का अवसर इस आयोजन को खास बना रहा है।

 

 

महापौर दीपक बाली और उर्वशी दत्त बाली ने की महिलाओं से प्रदर्शनी में पहुंचने की अपील

 

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर:अग्रसेन पार्क की हरियाली पर आपदा की मार या जेसीबी का प्रहार?

प्रदर्शनी का उद्घाटन करने पहुंचे महापौर दीपक बाली और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती उर्वशी दत्त बाली ने नगर एवं क्षेत्र की महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को बदलते फैशन, नए डिजाइनों और विभिन्न शहरों के उत्पादों से परिचित कराने के साथ ही अपनी पसंद की खरीदारी का अच्छा अवसर प्रदान करते हैं।

 

समाजसेवी श्रीमती उर्वशी दत्त बाली के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी को महिलाओं के लिए उपयोगी पहल के रूप में देखा जा रहा है। आयोजन में विभिन्न शहरों से आए डिजाइनरों को अपने उत्पाद प्रस्तुत करने का मंच भी मिला है।

 

 

रोमा अरोरा और तविषा चड्ढा की पहल को मिल रहा महिलाओं का उत्साहजनक प्रतिसाद

 

प्रदर्शनी की आयोजक श्रीमती रोमा अरोरा और उनकी पुत्री तविषा चड्ढा इससे पहले भी अगस्त माह में काशीपुर में आधुनिक डिजाइनों के साथ प्रदर्शनी आयोजित कर चुकी हैं। उस आयोजन को क्षेत्र की महिलाओं से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। इसी क्रम में एक बार फिर ‘वोग वोल्ट’ के माध्यम से देशभर के डिजाइनरों और स्थानीय महिला ग्राहकों को एक मंच पर लाने की पहल की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  जाम से छुटकारे के लिए बाजपुर रोड पर आरओबी बना, अब चीमा चौराहे को अंडरपास की सौगात कब?

 

आयोजक रोमा अरोरा और तविषा चड्ढा ने कहा कि काशीपुर की महिलाएं फैशन और नए डिजाइनों के प्रति जागरूक हैं। प्रदर्शनी के प्रति महिलाओं का उत्साह देखकर देश के विभिन्न राज्यों से आए डिजाइनर भी खासे उत्साहित हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे प्रदर्शनी में पहुंचकर विभिन्न स्टॉलों पर उपलब्ध उत्पादों और नवीनतम डिजाइनों को जरूर देखें।

 

 

21 और 22 अक्टूबर तक चलेगी प्रदर्शनी

 

रामनगर रोड स्थित होटल अनन्या में आयोजित दो दिवसीय ‘वोग वोल्ट’ प्रदर्शनी 21 और 22 अक्टूबर को चलेगी। यहां महिलाएं अपनी पसंद के परिधान, जूते, ज्वेलरी और साज-सज्जा से जुड़े उत्पादों के डिजाइन देख सकती हैं तथा जरूरत और बजट के अनुसार खरीदारी कर सकती हैं।

 

करवा चौथ से पहले आयोजित यह प्रदर्शनी काशीपुर की महिलाओं के लिए फैशन, पसंद और खरीदारी का विशेष अवसर लेकर आई है। देश के विभिन्न हिस्सों से आए डिजाइनरों की भागीदारी ने इसे स्थानीय स्तर पर एक आकर्षक आयोजन का रूप दिया है।