कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद पद्म भूषण से सम्मानित, मोदी सरकार को लेकर कही ये बात, जानें

खबर शेयर करें -

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश के सर्वोच्च तीसरे नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया है। आजाद को ये सम्मान सार्वजनिक मामलों के क्षेत्र में महती भूमिका निभाने के लिए मिला है।

इस मौके पर आजाद ने कहा, “देश काम को पहचानता है। अच्छा लगता है जब मेरे काम को पहचान मिलती है। यह मुझे देश के लिए काम करने के लिए प्रेरित करता है।” बता दें कि भाजपा सरकार के समय कांग्रेस से ताल्लुक रखने वाले आजाद के लिए इस सम्मान की घोषणा होने के बाद से ही तमाम तरह के कयासों का दौर जारी था। इन सवालों के जवाब में आजाद ने बयान जारी कर कहा, “हमें यह नहीं सोचना चाहिए कि पुरस्कार किसने प्राप्त किया और किसने दिया। पद्म पुरस्कार कोई सरकार नहीं बल्कि देश देता है।”

गौरतलब है कि पद्म पुरस्कार, देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक, तीन श्रेणियों, पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री में प्रदान किए जाते हैं। पुरस्कार विभिन्न विषयों / गतिविधियों के क्षेत्रों में दिए जाते हैं, जिनमें- कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा, आदि शामिल होते हैं।

‘पद्म विभूषण’ असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है। उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए ‘पद्म भूषण’ और किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए ‘पद्म श्री’ से सम्मानित किया जाता है। पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है।

ये पुरस्कार भारत के राष्ट्रपति द्वारा औपचारिक समारोहों में प्रदान किए जाते हैं जो आमतौर पर हर साल मार्च/अप्रैल महीने में राष्ट्रपति भवन में आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष राष्ट्रपति ने दो युगल मामलों सहित 128 पद्म पुरस्कारों को प्रदान करने की मंजूरी दी है (एक युगल मामले में, पुरस्कार की गणना एक के रूप में की जाती है)।

इस सूची में 4 पद्म विभूषण, 17 पद्म भूषण और 107 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। पुरस्कार पाने वालों में 34 महिलाएं हैं और इस सूची में विदेशियों/एनआरआई/पीआईओ/ओसीआई की श्रेणी के 10 व्यक्ति और 13 मरणोपरांत पुरस्कार पाने वाले भी शामिल हैं।

 

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad