काशीपुर : पुलिस और एसओजी की टीम ने स्मैक के साथ दो तस्करों को पकड़ा, 58.06 ग्राम स्मैक बरामद
काशीपुर। पुलिस और एसओजी की टीम ने स्मैक लेकर काशीपुर आए दो तस्करों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से 58.06 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में आरोपियों का चालान किया है।

जिलेभर में ड्रग्स तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाल मनोज रतूड़ी, एसओजी प्रभारी रविंद्र सिंह बिष्ट टीम के साथ बुधवार शाम क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान फसियापुरा तिराहे के पास एक कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार सवार दो लोगों के कब्जे से 58.06 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि आरोपी फतेहंगज (बरेली) से स्मैक लेकर आए थे।
काशीपुर के मोहल्ला बांसफोड़ान में उन्हें स्मैक की डिलीवरी देनी थी। इससे पूर्व वह काशीपुर के एजेंटों को ठाकुरद्वारा में ही डिलीवरी दे देते थे। पकड़े गए आरोपी ग्राम सिमरा, थाना मुजरिया, जिला बदायूं निवासी अब्दुल फैसल और भमोरा (बरेली) निवासी बबलू हुसैन हैं। कोतवाल रतूड़ी ने बताया कि नशा तस्करों के लिंक की जांच की जा रही है।
न्याय विभाग लिखी कार से हो रही थी तस्करी
काशीपुर। पुलिस को गच्चा देने के लिए ड्रग्स तस्कर न्याय विभाग लिखी गाड़ी से आए थे। ऐसा कर नशा तस्करी करने वाले कई बार पुलिस की आंखों में धूल झोंक चुके थे। मुखबिर ने पुलिस को इस बारे पहले ही जानकारी दे दी थी। इसके चलते पुलिस को आरोपियों की शिनाख्त करने में आसानी हुई। पुलिस ने स्मैक तस्करी में प्रयुक्त कार सीज कर दी है।

