काशीपुर में दसवीं की छात्रा ने चार साल की बच्ची को अगवा होने से इस तरह बहादुरी से बचाया की सब कर रहे तारीफ
काशीपुरः उधम सिंह नगर के काशीपुर में एक चार साल की मासूम को अगवा करने के प्रयास का मामला सामने आया है. जहां एक व्यक्ति ने बच्ची के अपहरण का प्रयास किया, लेकिन एक छात्रा की सूझबूझ से मासूम अगवा होने से बच गई. वहीं, पुलिस से मामले से अनभिज्ञता जताई है.
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की दोपहर खड़कपुर देवीपुरा निवासी गौरव कुमार की बेटी अनुश्री स्कूल से छुट्टी होने के बाद वापस घर लौट रही थी. इसी बीच उसने एक चार साल की मासूम को एक बुजुर्ग के साथ चैती चौराहे के पास एक स्टॉप पर बैठे देखा. इस पर उसे कुछ संदेह हुआ. कुछ दूरी पर चलने पर एक महिला ने रोते हुए उससे अपनी चार साल की बच्ची के बारे में पूछा. इस पर छात्रा अपना स्कूली बैग महिला को देकर स्टॉप की ओर दौड़ पड़ी और बुजुर्ग के साथ बैठी मासूम का हाथ पकड़ लिया. हाथ पकड़ते ही बुजुर्ग बच्ची को छोड़कर टैंपो में बैठकर फरार हो गया.
जब छात्रा ने टैंपो की पहचान करने की कोशिश की तो उसकी नंबर प्लेट नहीं थी. इसी बीच बच्ची की मां भी मौके पर पहुंच गई. जिसके बाद मां मासूम को लेकर घर लौट गई. छात्रा ने बताया कि उसे घर जाने में देरी हो रही थी. इस वजह से वो बच्ची के बारे में जानकारी नहीं ले पाई. उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनकी जानकारी में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है. अगर कोई जानकारी आती है तो कार्रवाई की जाएगी.

