किच्छा : सड़क किनारे नाला बनाने के लिए 137 दुकानदारों को लोक निर्माण विभाग ने किया नोटिस जारी
किच्छा। नगर के मुख्य बाजार में सड़क किनारे नाला बनाने के लिए 137 दुकानदारों को लोक निर्माण विभाग ने नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने को कहा है। लोनिवि के अधिकारियों के मुताबिक नाला निर्माण के लिए यह अतिक्रमण हटाया जाना आवश्यक है और इस पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नोटिस मिलने से व्यापारियों में खलबली मच गई है।
बता दें कि नगर के मुख्य बाजार में दाहिनी ओर बाजार व आसपास के क्षेत्र के पानी की निकासी के लिए नाला नहीं है। नाला ना होने के कारण मामूली बारिश के बाद में बाजार में व्यापारियों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ता है। पिछले दिनों जब सड़क निर्माण किया गया तो मुख्य बाजार की दुकानें सड़क से काफी नीचे हो गईं। इसको लेकर व्यापारियों ने हंगामा किया तो लोक निर्माण विभाग ने सड़क किनारे नाला बनाने का निर्णय लिया।

इधर नाला निर्माण में अतिक्रमण समस्या बन गई। विभाग के एई प्रकाश राम ने बताया कि रेलवे स्टेशन से एमपी चौक होते हुए लेफ्ट पाहा नहर तक नाला निर्माण किया जाना है। इस काम में व्यापारियों की ओर से किया गया अतिक्रमण आड़े आ रहा है। बताया कि 137 व्यापारियों को उनकी दुकान के आगे से अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी किए गए हैं। इधर बुधवार को जैसे ही विभाग के नोटिस व्यापारियों को मिले उनमें खलबली मच गई। व्यापारी बैठक करके अगली रणनीति पर विचार करने में जुट गए हैं।

