खाने के बजाय दवा फेंक देती थी हत्यारोपी पत्नी, बेटा बोला- मां का आठ साल से चल रहा था इलाज

खबर शेयर करें -

सत्यपाल की पत्नी गायत्री के मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। उसका एक साल पहले तक उपचार चल रहा था। परिजनों के अनुसार, वह दवा खाने के बजाय फेंक देती थी। दवा फेंकते देखकर उसका इलाज बंद करा दिया गया था।

मानसिक रोगी होने के चलते उसने अपने बाल भी कटवा दिए थे।

बेटे के अनुसार, मां का आठ साल से इलाज चल रहा था। बेटा रोहित जीएफ कॉलेज में बीए का छात्र है। बेटी दीप्ति गुरुनानक पाठशाला में दसवीं की छात्रा है। दोनों अपने बाबा और दादी के पास रहते हैं। सत्यपाल के मकान से उसकी मां का घर करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर है।

बहू के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
हत्याकांड के बाद सत्यपाल की मां शकुंतला की तहरीर पर पुलिस ने बहू गायत्री के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। ईंट को जब्त कर दिया गया। वायरल वीडियो को पुलिस जांच में शामिल करेगी।

तीन भाइयों में सबसे बड़ा था सत्यपाल
सत्यपाल अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। भाई नितीश ने तीन साल पहले पत्नी से झगड़ा होने पर फंदे से लटककर जान दे दी। सत्यपाल के पिता हरिराम ने भी आत्महत्या की थी। इकलौता बचा भाई अविनाश इस वारदात के बाद काफी दहशत में है।

एसपी सिटी व सीओ सदर ने मौका-मुआयना किया
एसपी सिटी संजय कुमार और सीओ सदर बीएस वीर कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौका-मुआयना करने के बाद परिजन से पूछताछ की। इस बीच भीड़ को मौके से हटवाया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।

यह भी पढ़ें 👉  रनिंग की प्रैक्टिस कर रहे एक 20 साल के युवक की हार्ट अटैक आने से मौत,परिजनों में मचा कोहराम

महिला साइकोसिस बीमारी से पीड़ित होगी। उसका पर्याप्त उपचार नहीं हुआ होगा। ऐसे मरीज को भ्रम की शिकायत हो जाती है। कानों में आवाजें आने लगती हैं। मरीज को लगता है कि सामने वाला व्यक्ति उसे मार देगा। इसीलिए रोगी आक्रामक हो जाता है। भ्रम की वजह से महिला ने अपने पति की हत्या कर दी होगी। -डॉ. अभिनव रस्तोगी, मनोचिकित्सक-राजकीय मेडिकल कॉलेज।

मां ने उठाए सवाल… बोली सबकुछ ठीक करती थी फिर बीमार कैसे
पुलिस की पूछताछ में सत्यपाल की मां शकुंतला ने सवाल उठाया कि अगर गायत्री मानसिक रूप से बीमार थी तो फिर सारे काम ठीक कैसे कर पाती थी? वह केवल ढोंग करती थी। सिर्फ बेटे से झगड़े के समय ही आक्रामक होती थी। मां ने कहा कि गायत्री की मानसिक बीमारी की जांच कराई जानी चाहिए।

आर्थिक तंगी और शराब पीने की आदत से होते थे झगड़े
सत्यपाल शराब पीने का आदी था। वह जो कुछ कमाता था, शराब में उड़ा देता था। वह पत्नी गायत्री को रुपये नहीं देता था। कई बार उसकी मां शकुंतला घर में खाना भेजती थी। दंपती में रोज होने वाले झगड़ों के कारण आसपास के लोग भी परेशान थे। आसपास के कुछ लोगों ने कहा कि अक्सर झगड़ा होने के कारण वे लोग बीच में नहीं पड़ते थे। लेकिन ऐसा कुछ हो जाएगा, इसका अंदाजा भी नहीं था। बच्चे बचपन से ही दादी के पास रह रहे थे। पिता की मौत और मां के जेल जाने से रोहित और दीप्ति काफी गम और दहशत में हैं। वे कुछ बोलने की स्थिति में नहीं थे। भाई अवनीश ने बताया कि पहले भी गायत्री हमला कर चुकी है। एक बार हंसिये से सत्यपाल पर हमला किया था। तब उसने ही बचाया था।

यह भी पढ़ें 👉  हल्दूचौड़: दिनदहाड़े लाखों के जेवर चोरी, पुलिस जांच में जुटी

जिसने देखा दहलाने वाला दृश्य… कांप उठा
दोपहर करीब तीन बजे हथौड़ा से रोजा की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग के किनारे बने मकान के सामने का दृश्य जिसने देखा, कांप उठा। सड़क पर हर समय काफी भीड़भाड़ रहती है। मकान के बाहर बने चबूतरे पर सत्यपाल के सीने पर बैठी गायत्री उसके फटे सिर में हाथ डालकर बैठी थी। इस दौरान छुट्टी होने पर कई स्कूली बच्चे भी गुजर रहे थे, वे भी रुककर देखने लगे। आसपास के लोगों ने उन्हें वहां से हटाया। नजारा इतना खौफनाक था कि लोगों की रूह कांप गई। गाड़ियां रोककर लोग सबकुछ देखते रहे लेकिन किसी की हिम्मत नहीं पड़ रही थी कि वह महिला के पास जा सके।

घटना का वीडियो देख कांपे लोग
पति की हत्या के बाद वीभत्स हत्याकांड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा। महिला ने इतनी बेरहमी से पति को मौत के घाट उतारा, जिसे देखकर लोग सहम गए।

यह भी पढ़ें 👉  चंपावत: बोलेरो और बाइक की टक्कर में सेना का जवान और पत्नी गंभीर घायल

यह है पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में गुरुवार को यह दिल दहलाने वाली वारदात हुई। विवाद के बाद घर के दरवाजे पर पत्नी ने पति का सिर ईंट से कुचल दिया। सीने पर बैठकर हाथों से सिर फाड़ने के बाद मांस के लोथड़े फेंकने शुरू कर दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

रोजा थाना क्षेत्र के हथौड़ा बुजुर्ग में सत्यपाल (40) पत्नी गायत्री देवी, बेटे रोहित, बेटी डॉली के साथ रहते थे। गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे सत्यपाल का किसी बात को लेकर गायत्री से झगड़ा होने लगा। गुस्से में आई गायत्री ने ईंट उठाकर सत्यपाल के सिर पर मारनी शुरू कर दी। वह नीचे गिर गया तो सीने पर बैठकर लगातार ईंट मारती रही। सिर फटने पर हाथ से मांस के लोथड़े फेंकने शुरू कर दिए।

महिला का कृत्य देखकर आसपास के लोग दूर से वीडियो बनाते रहे लेकिन पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गायत्री को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि पत्नी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है।