गुजरात में बुलडोजर प्लांट का उद्घाटन करेंगे ब्रिटेन के पीएम बोरिस जॉनसन, विपक्ष ने जताई नाराजगी
आज से ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन दो दिवसीय भारत दौरा शुरू हो रहा है और गुजरात से अपने दौरे की शुरुआत करेंगे. ऐसे समय में भारतीय राजनीति में बुलडोजर का शोर सुनाई दे रहा है और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आज अपने भारत दौरे की शुरुआत भी बुलडोजर के प्लांट के उद्घाटन से करने वाले हैं.

बोरिस जॉनसन गुजरात के वडोदरा के हलोल में बुलडोजर बनाने वाली यूनिट का उद्घाटन करेंगे. ये यूनिट बुलडोज़र समेत कंस्ट्रक्शन क्षेत्र के दूसरे उपकरण बनाने वाली कंपनी जेसीबी का है. आम तौर पर निर्माण क्षेत्र में काम आने वाली इस मशीन के बारे में हो रही चर्चा किसी बड़े कंस्ट्रक्शन परियोजना को लेकर नहीं बल्कि राजनीतिक कार्य में इसके इस्तेमाल पर अधिक हो रही है.
इंडियन कंस्ट्रक्शन इक्यूपमेंट मैन्यूफैक्चरर एसोसिएशन के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2020 के दौरान भारत में हुई 65000 निर्माण उपकरणों की बिक्री में जेसीबी की हिस्सेदारी 50 फीसदी से भी अधिक थी. इंग्लैंड के रोसेस्टर से शुरू हुई जेसीबी कंपनी की कमान इन दिनों एंथोनी ममफोर्ड के हाथ में है जिनके पिता जोसेफ सिरिल ममफोर्ड ने इसकी स्थापना की थी और उनके नामाक्षरों से ही जेसीबी का ब्रांड नेम बनाया गया. एंथोनी बमफोर्ड ने कुछ साल पहले न केवल पीएम मोदी से भी मुलाक़ात की थी बल्कि भारत में कारोबारी सहुलियतों में आए सुधारों पर तारीफ वाले बयान भी देते रहे हैं. गुजरात में बन रहे नए प्लांट के सहारे दुनिया में निर्माण क्षेत्र उपकरण बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी जेसीबी की योजना भारत में स्थापित नई यूनिट के सहारे निर्यात को बढ़ाने की है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


