गोवंश के साथ अमानवीयता: ट्रैक्टर से बांधकर सड़क पर घसीटा, आरोपी चालक गिरफ्तार और वाहन सीज
विकासनगर। कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के धर्मावाला-कुंजा मार्ग पर गोवंश के साथ क्रूरता का एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक द्वारा गोवंश को वाहन के पीछे बांधकर सड़क पर बेरहमी से घसीटने का घटनाक्रम सामने आया है। इस अमानवीय कृत्य में गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसके शरीर पर गहरे घाव हैं। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया।
सड़क किनारे गंभीर हालत में मिला गोवंश, हड्डियों तक दिखे घाव
रविवार सुबह जुडली गांव के पास सड़क किनारे ग्रामीणों ने एक गोवंश को अचेत और गंभीर रूप से चोटिल अवस्था में देखा। गोवंश के शरीर पर घसीटे जाने के कारण जगह-जगह गहरे घाव थे और कई स्थानों पर हड्डियां तक दिखाई दे रही थीं। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हरबर्टपुर पुलिस चौकी प्रभारी मयंक त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
सीसीटीवी फुटेज से खुला सच, आरोपी चालक मौके से हुआ था फरार
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर रोंगटे खड़े कर देने वाली फुटेज सामने आई। फुटेज में ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे गोवंश को बांधकर निर्दयता से सड़क पर घसीटते हुए देखा गया। आरोपी चालक घायल गोवंश को जुडली गांव के पास तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गया था। फुटेज वायरल होते ही क्षेत्र में जनआक्रोश पनप गया।
हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, उपचार के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना की सूचना मिलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर एकत्र हो गए और धरना देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने तत्काल पशु चिकित्सकों को बुलाकर घायल गोवंश का उपचार शुरू कराया।
हरबर्टपुर पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


