जींस पहनने की जिद करने पर दादा-चाचा ने मिलकर की नाबालिक किशोरी की हत्या

खबर शेयर करें -

 उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के सवरेजी खर्ग गांव में जींस पहनने की जिद पर अड़ी एक 17 वर्षीय किशोरी की उसी के दादा और चाचा ने मिलकर हत्या कर दी।हालांकि, पुलिस ने आरोपी दादा सहित दो जनों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ श्रीपति मिश्र ने बताया कि मृतक किशोरी नेहा (17) पुत्री अमरनाथ पासवान है।अमरनाथ इन दिनों लुधियाना में किसी निजी कंपनी में मजदूरी कर रहा था। नेहा भी उसके साथ ही रह रही थी।गत दिनों वह पिता के साथ गांव आई थी। वह गांव में जींस और टी-शर्ट पहन रही थी।उसके दादा परमहंस और चाचा अरविंद को यह पसंद नहीं था। दादा ने सोमवार को उसे टोका था, लेकिन नेहा ने अनसुना कर दिया।

SP ने बताया कि दादा परमहंस ने नेहा को जींस नहीं पहनने के लिए कहा था तो वह उनसे भिड़ गई। इसके बाद दादा ने बेटे अरविंद और अन्य के साथ उसकी पिटाई कर दी।इस दौरान मां शकुंतला ने बचाने का प्रयास किया तो उसे भी धक्का मार दिया।मारपीट में नेहा के सिर पर गंभीर चोट आ गई और वह बेहोश हो गई। इसके बाद दादा और चाचा उसे एक ऑटो लेकर अस्पताल के लिए रवाना हो गए।

SP ने बताया कि नेहा ने अस्पताल जाते समय पांडेयचक के समीप दम तोड़ दिया था। इसके बाद आटो चालक व अन्य शव लेकर तरकुलवा थाना क्षेत्र में गंडक नदी पर बने पटनवा पुल पहुंचे और शव को फेंक दिया।इस दौरान शव नदी में गिरने की जगह पुल के रेलिंग में फंस गया और लटक रहा था। इसके बाद आरोपित भाग गए।मंगलवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पुल से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।

SP ने बताया कि घटना में मृतक किशोरी की मां शकुंतला देवी की तहरीर पर मृतका की दादी भगना देवी, दादा परमहंस, चाचा अरविद, व्यास, चाची गुड्डी देवी, पूजा देवी, आटो चालक हसनैन, गांव के राहुल व पन्नेलाल के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छुपाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।इनमें से ऑटो चालक और दादा को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।