दिनेशपुर : नशे में धुत युवक पुलिस कर्मियों से भिड़े, वर्दी फाड़ने की करी कोशिश
रुद्रपुर: दिनेशपुर थाना पुलिस के साथ अभद्रता करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले में तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस के साथ अभद्रता का वीडियो भी सामने आया है.
![]()
उधमसिंह नगर के दिनेशपुर में शराब पीकर उपद्रव कर रहे कुछ युवक पुलिस कर्मियों से भिड़ गए. उन्होंने न सिर्फ पुलिस कर्मियों से बदसलूकी की बल्कि वर्दी फाड़ने की कोशिश भी की. इसके साथ नशे में धुत लड़कों ने पुलिस को रौब भी दिखाया. काफी देर तक चली खींचतान के बाद जब पुलिस ने सख्त रुख अपनाया तो एक युवक मौके से भाग गया, जबकि दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उन्हें जेल भेज दिया गया है.
पुलिस से हुई भिड़ंत का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. जिसमें युवक एसओ और अन्य पुलिस कर्मियों से उलझते दिख रहे हैं. पुलिसकर्मी उनको सरकारी गाड़ी में बैठाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे पुलिस से धक्का मुक्की कर रहे हैं. पुलिस ने 3 आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया है. साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

